क्षेत्रीय
12-May-2026
...


सारंगढ़-बिलाईगढ़ (ईएमएस)। जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां तालाब में मछली पकड़ने की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से जमकर लाठी-डंडे चल गए। घटना में बच्चे समेत कई लोग घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, विवाद तालाब में मछली मारने को लेकर शुरू हुआ था। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों ओर से लोगों ने एक-दूसरे पर हमला कर दिया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों से हमला करते नजर आ रहे हैं। मामले की सूचना मिलते ही छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल बिलाईगढ़ थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर करीब 20 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। साथ ही क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत भी कार्रवाई की गई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मामले की जांच जारी है। - (ईएमएस) 12 मई 2026