क्षेत्रीय
12-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। वन रक्षक भर्ती में लगातार हो रही देरी को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा अब चरम पर पहुंच गया है। मंगलवार को सैकड़ों अभ्यर्थी नवा रायपुर स्थित वन मंत्री केदार कश्यप के आवास के बाहर जमा हुए और भर्ती प्रक्रिया को तत्काल पूरा करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का आरोप है कि 2023 में शुरू हुई यह भर्ती प्रक्रिया अब तक अधर में लटकी हुई है। लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षण और दस्तावेज सत्यापन जैसे चरणों में बार-बार देरी के चलते हजारों युवा मानसिक तनाव और आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। कई उम्मीदवारों ने बताया कि वे दो साल से अधिक समय से केवल इसी भर्ती के सहारे बैठे हैं और कोचिंग, यात्रा व अन्य खर्चों में लाखों रुपये खर्च कर चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने कहा, “सरकार बार-बार आश्वासन दे रही है, लेकिन कोई ठोस समयसीमा नहीं बता रही है। रिक्त पदों की संख्या लगातार बढ़ रही है, फिर भी भर्ती पर कोई प्रगति नहीं हो रही। अभ्यर्थियों ने हाथों में पोस्टर्स और बैनर लेकर नारेबाजी की और मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता बरती जाए तथा अगले दो माह के अंदर अंतिम चयन सूची जारी की जाए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो वे पूरे छत्तीसगढ़ में बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ देंगे और राजधानी में लंबे समय तक धरना-प्रदर्शन करेंगे। वन विभाग के सूत्रों के अनुसार विभाग में वन रक्षक के सैकड़ों पद खाली पड़े हैं, जिससे जंगलों की सुरक्षा और वन्य प्राणी प्रबंधन पर भी असर पड़ रहा है। अभ्यर्थी अब मुख्यमंत्री कार्यालय और वन विभाग मुख्यालय में भी प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहे हैं। सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 मई 2026