क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- डीजे विवाद में दबंगों ने मचाया उत्पात - दुल्हन के पिता की संदिग्ध मौत हाजीपुर (ईएमएस)।बिहार के हाजीपुर अंतर्गत महनार थाना क्षेत्र के जावज गांव में बेटी की शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब दुल्हन के पिता अशोक कुमार महतो की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों और नवविवाहिता बेटी का आरोप है कि गांव के दबंगों ने बेरहमी से मारपीट के बाद पिता की हत्या कर दी है। घटना की शुरुआत दो दिन पहले शादी के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए मामूली विवाद से हुई थी। आरोप है कि स्थानीय बदमाशों ने शादी समारोह में घुसकर जमकर उत्पात मचाया, बारातियों के साथ मारपीट की और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। हद तो तब हो गई जब दबंगों ने शादी के लिए बना खाना फेंक दिया और चूल्हा तक तोड़ दिया। मृतक के परिजनों का कहना है कि हंगामे के वक्त पुलिस और डायल-112 को सूचना दी गई थी, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाने के बजाय पहले शादी कर लीजिए कहकर मामले को टाल दिया। ग्रामीणों का मानना है कि यदि पुलिस उसी रात उपद्रवियों पर सख्त कार्रवाई करती, तो शायद यह अनहोनी नहीं होती। बेटी का आरोप है कि शादी के अगले दिन आरोपियों ने पंचायत बुलाकर केस न करने का दबाव बनाया और देर रात उसके पिता की हत्या कर शव को घर में टांग दिया ताकि यह आत्महत्या लगे। हाथों की मेहंदी सूखने से पहले ही पिता का साया छिन जाने से नवविवाहिता का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस पिता ने तंगहाली में भी बेटी की विदाई के सपने देखे थे, उनका शव घर में मिलने से पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया है। रामयश/ईएमएस 12 मई 2026