दुर्ग (ईएमएस)। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजीव नगर इलाके में बीती रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां आपसी रंजिश के चलते 20 से 25 अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। घटना में बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों पर भी हमला किया गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, यह वारदात राजीव नगर स्थित केजू राइस मिल के पास रात करीब 1 बजे हुई। 20 वर्षीय जितेश ठाकुर खाना खाने के बाद घर के पास टहल रहा था, तभी पहले से घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, सब्बल और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर जितेश ठाकुर की मौके पर ही हत्या कर दी। शोर सुनकर जब मृतक के बड़े भाई राहुल ठाकुर और चाचा के बेटे नेहरू ठाकुर मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव की कोशिश की, तो हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए दुर्ग और रायपुर के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे आपसी रंजिश का मामला बताया है। घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। अब तक 8 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा। इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके। - सत्यप्रकाश(ईएमएस)12 मई 2026