- किशोर का सिर मुंडवाकर पूरे गांव में घुमाया - पुलिस ने मुख्य आरोपी को दबोचा कटिहार (ईएमएस)। कुर्सेला थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ गंगा नदी के तटीय गोबराही दियारा इलाके में ग्रामीणों ने कानून को अपने हाथ में लेते हुए एक नाबालिग लड़के और लड़की के साथ बर्बर व्यवहार किया। बताया जा रहा है कि दोनों को कथित तौर पर आपत्तिजनक स्थिति में देखने के बाद ग्रामीणों ने खुद ही पंचायत बैठाकर उनकी जबरन शादी करा दी। क्रूरता की हदें पार करते हुए भीड़ ने किशोर का आधा सिर मुंडवा दिया और उसे पूरे गांव में घुमाकर अपमानित किया। इस अमानवीय घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। वीडियो के आधार पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी है। कोढ़ा पुलिस अनुमंडल के डीएसपी रंजन सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब वीडियो फुटेज के जरिए उन अन्य लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने इस कृत्य में सक्रिय भूमिका निभाई थी। दोषियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। मुरादपुर पंचायत के मुखिया ललन राम ने भी इस पूरी घटना पर गहरा दुख और रोष जताया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नाबालिगों के साथ इस तरह का हिंसक और अपमानजनक व्यवहार पूरी तरह गैरकानूनी है और किसी भी सभ्य समाज में इसकी जगह नहीं है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि कानून का उल्लंघन करने वाले और पंचायत के नाम पर अत्याचार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस पीड़िता और पीड़ित किशोर के परिजनों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना की पूरी कड़ी जोड़ी जा सके। रामयश/ईएमएस 12 मई 2026