राष्ट्रीय
12-May-2026


- ससुराल की दूसरी मंजिल से गिरी नवविवाहिता, पति बोला- छत पर पैर लटकाकर कर रही थी मजाक झांसी (ईएमएस)। यूपी के झांसी से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी के महज 14वें दिन एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दुल्हन प्रियंका मिश्रा अपने ससुराल की दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई, जिससे सिर में गंभीर चोट आने के कारण उसकी जान चली गई। पति का कहना है कि प्रियंका छत की मुंडेर पर पैर लटकाकर मजाक कर रही थी, तभी नीचे गिर गई। पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानते हुए गहन जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, मृतका प्रियंका मिश्रा (30) मूल रूप से गोरखपुर की रहने वाली थी और बीएड तक शिक्षित थी। उसके पिता कस्टम विभाग से सेवानिवृत्त हैं। प्रियंका की शादी 28 अप्रैल को झांसी के सीपरी बाजार थानांतर्गत मिशन कंपाउंड निवासी शुभम से हुई थी। दोनों की मुलाकात डेढ़ साल पहले जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए हुई थी और परिवार की सहमति से शादी हुई थी, जिसका रिसेप्शन 2 मई को हुआ था। पति शुभम ने बताया कि सोमवार को शादी के उपलक्ष्य में घर पर सुहागिनों का कार्यक्रम चल रहा था। शाम करीब 4:30 बजे वे दोनों छत पर गए और बातें कर रहे थे। पति के मुताबिक, प्रियंका छत की मुंडेर पर मजाक में पैर लटका रही थी, जिसके लिए उसने मना भी किया था, लेकिन फिर वह मजाक करने लगी और अचानक नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल प्रियंका को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति ने किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया है। हालांकि, घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं। पति शुभम यह स्पष्ट नहीं कर सका कि धूप होने के बावजूद वे छत पर क्यों गए थे, जिससे मामले में संदेह और बढ़ गया है। सूचना मिलने पर सीपरी थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए टीम जांच में जुट गई है और पति सहित सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। सतीश मोरे/12मई ---