क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- संसाधनों की कमी नहीं, मेहनत और लक्ष्य की स्पष्टता सफलता की पहचान राजगढ़ (ईएमएस)l कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले द्वारा सोमवार को जिला पंचायत सभागार में अनुसूचित जनजाति कार्य विभाग एवं शिक्षा विभाग द्वारा संचालित छात्रावासों में अध्ययनरत बोर्ड परीक्षाओं की कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्कूल बैग किट प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि छात्रावास में रहकर भी विद्यार्थी अनुशासन, मेहनत और निरंतर अभ्यास के माध्यम से उत्कृष्ट सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रावास केवल रहने का स्थान नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और सपनों को आकार देने का केंद्र है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपने जीवन के अनुभव साझा किए तथा बताया कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में समय प्रबंधन, नियमित अध्ययन और आत्मविश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे छात्रावास में सहभागिता, एकता एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना के साथ अध्ययन करें और अपने लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर आगे बढ़ते रहें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं होती, आवश्यकता केवल सही मार्गदर्शन और सकारात्मक सोच की होती है। आज छात्रावासों के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिस्थितियाँ भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. गढ़पाले ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा ही जीवन को नई दिशा देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखने और अपने माता-पिता, गुरुजनों एवं जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री करण सिंह भिलाला, संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग सुश्री निशा जैन, छात्रावास अधीक्षकगण, वार्डन एवं शिक्षकगण भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में मेधावी विद्यार्थियों ने सम्मान प्राप्त कर प्रसन्नता व्यक्त की तथा कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया। - निखिल/राजगढ़/12/5/2026