- ट्रेन की चपेट में आने से बुजुर्ग ने गंवाई जान - युवक ने फांसी लगाकर दी जान गुना (ईएमएस)।शहर के कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत पिछले 24 घंटों के दौरान दो अलग-अलग दुखद घटनाएं सामने आई हैं, जिसने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पहली घटना में रेलवे पटरी पार करते समय एक बुजुर्ग की ट्रेन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दूसरी घटना में एक युवक ने पेड़ से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शौच के लिए पटरी पार कर रहे बुजुर्ग की कटने से मौत कैंट थाना क्षेत्र के ग्राम कुसमोदा में सोमवार देर शाम एक हृदयविदारक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, कुसमोदा निवासी 75 वर्षीय प्रेमलाल कलावत का घर रेलवे पटरी के बिल्कुल पास स्थित है। सोमवार शाम वह हाथ में पानी का डिब्बा लेकर शौच के लिए पटरी पार कर दूसरी ओर जा रहे थे। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में वह आ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि बुजुर्ग का शव रेल पटरी पर क्षत-विक्षत हालत में मिला। घटना की जानकारी सबसे पहले वहां मौजूद बच्चों ने परिजनों को दी, जिसके बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और क्षत-विक्षत शव को कब्जे में लिया. मंगलवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. बुजुर्ग की इस अचानक मौत से कुसमोदा गांव में मातम का माहौल है। मजदूर युवक ने पेड़ पर फंदा डालकर की आत्महत्या आत्महत्या की दूसरी घटना भी कैंट थाना क्षेत्र के अंतर्गत ही सामने आई है, जहां एक 35 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर लटका मिला। मृतक की पहचान राजपाल अहिरवार निवासी नई बस्ती कुसमोदा के रूप में हुई है. राजपाल पेशे से मजदूर था और वर्तमान में कुसमोदा में ही रह रहा था। उसके परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं। परिजनों और पुलिस के अनुसार, यह घटना सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात की है.। मंगलवार सुबह जब हरिपुर-सिंघाड़ी रोड स्थित कॉलेज के पीछे खेतों पर किसान पहुंचे, तो उन्होंने बबलू के पेड़ पर एक युवक का शव लटका देखा। ग्रामीणों द्वारा सोशल मीडिया पर फोटो वायरल करने के बाद मृतक की शिनाख्त राजपाल के रूप में हुई। हालांकि, युवक ने यह आत्मघाती कदम क्यों उठाया, इसका कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है। कैंट पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। कैंट थाना पुलिस ने दोनों ही मामलों में मर्ग कायम कर लिया है।।_सीताराम नाटानी_