व्यापार
12-May-2026


- सुरक्षित सरकारी स्कीम, 7.4 फीसदी वार्षिक ब्याज और 5 साल में पूरा मूलधन वापस नई ‎दिल्ली (ईएमएस)। डाकघर मासिक आय योजना (एमआईएस) केंद्र सरकार द्वारा समर्थित एक विश्वसनीय बचत योजना है, जो निवेशकों को एकमुश्त जमा पर हर महीने तय आय प्रदान करती है। यह योजना विशेष रूप से उन लोगों के लिए फायदेमंद है जो नियमित मासिक आय चाहते हैं, जैसे सेवानिवृत्त व्यक्ति, गृहिणियां या सुरक्षित निवेश की तलाश कर रहे परिवार। इसमें निवेश की गई पूरी रकम मैच्योरिटी पर वापस मिल जाती है। फिलहाल, इस स्कीम पर 7.4 प्रतिशत सालाना ब्याज दिया जा रहा है, जिसकी राशि हर महीने सीधे आपके पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट में जमा हो जाती है। यह योजना कम जोखिम के साथ एक स्थिर आय का स्रोत प्रदान करती है। इसमें न्यूनतम 1,000 रुपए से निवेश शुरू किया जा सकता है। अधिकतम निवेश सीमा सिंगल अकाउंट के लिए 9 लाख रुपए और जॉइंट अकाउंट के लिए 15 लाख रुपए तय की गई है। पति-पत्नी मिलकर जॉइंट अकाउंट खोलकर इस योजना का अधिकतम लाभ उठा सकते हैं। उदाहरण के लिए, यदि पति-पत्नी मिलकर जॉइंट अकाउंट में अधिकतम 15 लाख रुपए जमा करते हैं, तो मौजूदा 7.4 फीसदी ब्याज दर के हिसाब से उन्हें हर महीने लगभग 9,250 रुपए की निश्चित आय प्राप्त होगी। इस तरह निवेशक को हर महीने बिना किसी जोखिम के तय इनकम मिलती रहेगी। पोस्ट ऑफिस एमआईएस स्कीम की मैच्योरिटी अवधि 5 साल होती है, जिसके बाद निवेश की गई पूरी रकम वापस मिल जाती है। इस योजना में निवेश के लिए पोस्ट ऑफिस सेविंग अकाउंट का होना अनिवार्य है। सतीश मोरे/12मई ---