व्यापार
12-May-2026


- प्रधानमंत्री ने विदेशी मुद्रा बचाने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी नई दिल्ली (ईएमएस)। तेल मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को पश्चिम एशिया संघर्ष के बावजूद देश में ईंधन की कोई कमी न होने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने एलपीजी उत्पादन को 35,000-36,000 टन प्रतिदिन से बढ़ाकर 54,000 टन प्रतिदिन कर दिया है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से मितव्ययिता बरतने और आर्थिक दबाव कम करने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के वार्षिक सम्मेलन में पुरी ने कहा कि देश के पास 69 दिन का कच्चे तेल एवं एलएनजी तथा 45 दिन का एलपीजी भंडार मौजूद है। उन्होंने प्रधानमंत्री की मितव्ययिता की अपील को पश्चिम एशिया संघर्ष से उत्पन्न राजकोषीय दबाव को कम करने के उपायों पर विचार करने का संकेत बताया। रविवार को प्रधानमंत्री मोदी ने नागरिकों से पश्चिम एशिया संकट के प्रतिकूल प्रभावों से अर्थव्यवस्था को बचाने के लिए मितव्ययिता बरतने का आग्रह किया था। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने और वर्क फ्रॉम होम जैसे उपायों की वकालत की। इसके अतिरिक्त, विदेशी मुद्रा बचाने के लिए एक वर्ष के लिए सोने की खरीद और विदेश यात्राओं को टालने की सलाह भी दी गई। सतीश मोरे/12मई ---