नई दिल्ली (ईएमएस)। कृत्रिम मेधा (एआई) कंपनी फ्रैक्टल एनालिटिक्स का वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही में मुनाफा दोगुना से अधिक होकर 116 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का वित्त वर्ष 2024-25 की चौथी (जनवरी-मार्च) तिमाही में मुनाफा 55.5 करोड़ रुपये था। फ्रैक्टल एनालिटिक्स के एक अधिकारी ने कहा कि इस वृद्धि का नेतृत्व स्वास्थ्य देखभाल और जीवन विज्ञान खंड ने किया, जिसमें चौथी तिमाही में 82 प्रतिशत और समूचे वर्ष में 66 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज हुई। इसके बाद बैंकिंग, वित्तीय सेवाएं और बीमा खंड में पूरे वर्ष में 32 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। समीक्षाधीन तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 17 प्रतिशत बढ़कर 886 करोड़ रुपये हो गई जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 757.5 करोड़ रुपये थी। अमेरिका क्षेत्र का कंपनी के कुल राजस्व में 68 प्रतिशत योगदान है। इस तिमाही के दौरान इसमें सालाना आधार पर 17 प्रतिशत की वृद्धि हुई। यूरोप का योगदान कंपनी के कुल राजस्व में 18 प्रतिशत रहा और जनवरी-मार्च तिमाही में इसमें सालाना आधार पर 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। सतीश मोरे/12मई ---