क्षेत्रीय
12-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस)। भीषण गर्मी के साथ ही शहर में बढ रहे पानी के संकट को लेकर लगातार शिकायतें कर रहे शहरवासी आज उस समय उग्र हो सड़कों पर उतर आए जब लगातार शिकायतों के बाद भी निगम ने पानी के संकट को हल करने हेतु कोई ठोस कदम नहीं उठाया। मामला विकास नगर इलाके का है जहां पानी की समस्या से परेशान रहवासियों ने सड़क पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने खाली मटके फोड़े और नारेबाजी की। पार्षद सोनिला मिमरोट के साथ विकास नगर स्थित पानी की टंकी के पास एकत्रित हुए रहवासियों ने सड़क पर बैठ धरना प्रदर्शन शुरू किया। सभी ने हाथों में खाली मटके लेकर प्रदर्शन किया और महापौर पुष्यमित्र भार्गव तथा नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। पानी के लिए परेशान प्रदर्शन कर रहे इन रहवासियों का कहना है कि इलाके में लंबे समय से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। पार्षद मिमरोट के अनुसार कई महीनों से लगातार शिकायत के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इंटरकनेक्शन के जरिए पानी नेहरू नगर की ओर डायवर्ट किया जा रहा है, जिससे विकासनगर के कई इलाकों में पानी का प्रेशर कम हो गया है और दूषित पानी की आपूर्ति की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। - 12 मई 2026