क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- कलेक्टर ने की पेयजल व्यवस्था, जल संरक्षण एवं उपार्जन कार्यों की समीक्षा जबलपुर (ईएमएस)। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज सोमवार को आयोजित की गई समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक में ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था, जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्यों, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन तथा सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के ग्रामीण क्षेत्र में ग्रीष्मकाल के दौरान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर चर्चा करते हुये शहपुरा विकासखण्ड के चरगवां क्षेत्र के समस्या मूलक ग्रामों में पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने इन गांवों में वॉटर रिचार्जिंग के स्ट्रक्चर के निर्माण पर जोर दिया ताकि भविष्य में यहाँ इस तरह की समस्या न आये। बैठक में शहपुरा जनपद पंचायत की सीईओ द्वारा चरगवां क्षेत्र के पन्द्रह गांव को पेयजल आपूर्ति की दृष्टि से समस्या मूलक बताया गया था। कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को चरगवां क्षेत्र के इन गांवों का भ्रमण कर पेयजल आपूर्ति की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुये कहा कि यदि कहीं आवश्यकता तो वहाँ नये नलकूपों का खनन किया जाये। इसके साथ ही उन्होंने जल स्तर गिरने की वजह से बंद हुये हैंडपंपों में राइजर पाइप लगाने के निर्देश भी लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री सिंह ने समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन की प्रगति की समीक्षा के दौरान गेहूं के परिवहन और भंडारण में गति लाने के निर्देश अधिकारियों को दिये। उन्होंने किसानों को उनकी उपज का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की हिदायत देते हुये अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का नियमित भ्रमण करने कहा तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिये कि खरीदी केंद्रों पर किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने जिले में फ्रोजन मटर निर्माण इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया। इसके साथ ही मत्स्य पालन की गतिविधियों को बढ़ावा देने एवं संबंधित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिये गये। कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की विभागवार समीक्षा भी की। उन्होंने शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और आवेदकों की संतुष्टि के साथ ही निराकरण करने की हिदायत अधिकारियों को दी तथा पचास दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिये। बैठक में जिला पंचायत के सीईओ अभिषेक गहलोत, सभी एसडीएम तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे। - 12 मई 2026/ 01.53