क्षेत्रीय
12-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ के वन मंत्री केदार कश्यप ने राज्य में बेरोजगारी दर, विकास कार्यों, प्रधानमंत्री की हालिया अपील और फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर महत्वपूर्ण बयान दिया है।उन्होंने कहा कि राज्य में बेरोजगारी दर में कमी आई है और लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है। मंत्री के अनुसार, राज्य गठन के बाद से नागरिकों के जीवन स्तर में लगातार वृद्धि हुई है। उन्होंने दावा किया कि सड़क, बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार में भाजपा सरकार ने उल्लेखनीय काम किया है और आज युवाओं के सपने साकार हो रहे हैं। कांग्रेस द्वारा मंत्रियों के काफिले में कटौती की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए केदार कश्यप ने कहा कि सरकार हमेशा खर्च कम करने के पक्ष में रहती है। उन्होंने कहा कि इस विषय पर आवश्यकता अनुसार विचार किया जाएगा और संसाधनों का उपयोग भी उसी आधार पर किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए देशवासियों से की गई अपील पर मंत्री कश्यप ने कहा कि सभी नागरिकों को इसे गंभीरता से लेना चाहिए और इसे अपनी दिनचर्या में शामिल करने की जरूरत है। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अक्सर आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति करती है, जबकि प्रधानमंत्री ने देशहित में यह अपील की है। कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री की अपील पर तंज कसने को लेकर उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष का काम ही आरोप लगाना रह गया है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय देश को कमजोर करने का काम हुआ, जबकि आज भारत विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत हो रहा है। भाजपा द्वारा कांग्रेस को लेकर जारी पोस्टर विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए वन मंत्री ने कहा कि आजादी के बाद से तुष्टिकरण की राजनीति के चलते सनातन धर्म का सम्मान नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व में कई अवसरों पर धार्मिक परंपराओं को नजरअंदाज किया गया, जिससे कांग्रेस की राजनीति उजागर होती है और इसी कारण जनता में उसकी पकड़ कमजोर हुई है। फॉरेस्ट गार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों से उनकी मुलाकात हो चुकी है। फिजिकल टेस्ट पूरा कर लिया गया है और इस विषय पर अधिकारियों से चर्चा भी की गई है। उन्होंने बताया कि व्यापम के माध्यम से परीक्षा आयोजित की जा रही है और संभावना है कि लिखित परीक्षा दिसंबर या जनवरी तक कराई जा सकती है। - (ईएमएस) 12 मई 2026