खेल
12-May-2026


अपनी जगह खोने का डर सता रहा था मुम्बई (ईएमएस)। आजकल आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की ओर से शानदार प्रदर्शन कर रहे बल्लेबाज संजू सैमसन ने कहा है कि टी20 विश्वकप के पहले ईशान किशन की बेहतरीन बल्लेबाजी देखकर वह काफी डर गये थे और उन्हें लगता था कि अब ईशान उनकी जगह ले लेगा। सैमसन के अनुसार विश्वकप के शुरुआती मैचों में अंतिम ग्यारह से बाहर होने और उनकी जगह ईशान किशन को मौका दिए जाने के फैसले से भी वह डरे हुए थे। सैमसन ने ये भी कहा कि उस प्रकार की स्थिति में उनकी जगह कोई और होता तो उसे भी डर लगता। सैमसन को टी20 विश्व कप टीम के अंतिम सदस्य के रूप में शामिल किया गया था, पर अंतिम ग्यारह में उनकी जगह को लेकर संदेह बना हुआ था।वहीं शुभमन गिल की जगह पर ईशान को घरेलू टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन के कारण शामिल किया गया था। विश्वकप की घोषणा से लगभग तीन महीने पहले सैमसन ने टीम में अपनी जगह गंवा दी थी। जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ घरेलू सीरीज में वापसी के बाद भी उन्हें लगातार फ्लॉप होने के कारण फिर से अवसर नहीं मिले। दूसरी ओर ईशान को वापसी का अवसर मिल गया था। सैमसन ने कहा , सच कहूं तो, ईशान किशन अचानक ही टीम में आ गए। उन्होंने मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन किया, झारखंड के लिए चैंपियनशिप जीती और उनकी वापसी हो गई। सैमसन ने साथ ही किा कि शुरुआत में वे सिर्फ अपने को देखते थे, लेकिन बाद में उन्हें महसूस हुआ कि ईशान ने भी उतनी ही मेहनत की थी। उन्होंने कहा, पिछले दो सालों में जो उनके साथ हुआ था, वह सिस्टम से बाहर थे, उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कड़ी मेहनत की और वापसी की। रन बनाना शुरू कर दिया था और मैं कैमरे पर स्वीकार कर सकता हूं कि मुझे लग रहा था कि वह मेरी जगह लेने आ रहे थे। सैमसन ने बताया कि त्रिवेंद्रम में जब ईशान ने शतक लगाया, तो उनका सोचने का तरीका पूरी तरह बदल गया। संजू ने कहा, त्रिवेंद्रम में जब उसने शतक लगाया, तो मैं सोच रहा था, संजू, अब इसे उसे दे दो, बॉस। वह तुमसे ज्यादा इसका अधिकारी है। तुम्हें मौके मिले, तुम रन नहीं बना सके। कोई है जो जबरदस्त फॉर्म में है। वह मुश्ताक अली ट्रॉफी से आया, वहां सब कुछ सही किया और फिर विश्वकप से ठीक पहले शतक लगाया। मुझे लगा जगह छोड़ना बेहतर है। ईएमएस 12मई 2026