नई दिल्ली (ईएमएस)। ओलंपिक पदक विजेता महिला पहलवान साक्षी मलिक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया से अपील करते हुए कहा है कि विनेश फोगाट को ट्रायल की अनुमति दिलाने के लिए वे हस्तक्षेप करें। साक्षी ने कहा कि विनेश को देश के लिए पदक जीतने और अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनने का अवसर मिलना चाहिए। साक्षी ने कहा कि विनेश को कुश्ती महासंघ वापसी के अवसर नहीं दे रहा है। महासंघ ने विनेश को ट्रायल के लिए अयोग्य घोषित कर दिया है। साक्षी ने स्वीकार किया कि वह कुछ दिनों से इस पर विचार कर रही थीं, क्योंकि विनेश एक राजनीतिक पार्टी से जुड़ी विधायक हैं जबकि उनका स्वयं किसी भी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। अपने वीडियो में साक्षी ने अंतरराष्ट्रीय खेल संघों के उदाहरण दिए, जो महिला एथलीटों, विशेषकर मां बनने के बाद वापसी करने वाली खिलाड़ियों के लिए नियमों को लचीला बनाते हैं, जिससे वे खेल में बने रहें और अपने देश के लिए पदक जीत सकें। इसके विपरीत, साक्षी ने भारतीय कुश्ती महासंघ की आलोचना करते हुए कहा कि फेडरेशन ने दो दिन पहले ऐसे नियम लागू कर दिए हैं जो विनेश की वापसी को कठिन बनाते दिख रहे हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री, खेल मंत्री और कुश्ती महासंघ से विनम्र निवेदन किया कि विनेश का ट्रायल लिया जाए। साक्षी का मानना है कि इससे विनेश न केवल देश का नाम रोशन करेंगी, बल्कि एक ऐसा प्रेरणादायक उदाहरण भी पेश करेंगी कि भारतीय महिलाएं मां बनने के बाद भी खेल के मैदान में लौटकर देश के लिए पदक जीत सकती हैं। गौरतलब है कि शनिवार को भारतीय कुश्ती महासंघ ने विनेश फोगाट को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया था। डब्ल्यूएफआई ने विनेश पर अनुशासनहीनता और कथित तौर पर डोपिंग रोधी नियमों के उल्लंघन का आरोप लगाया है, जिसके लिए उनसे चार आरोपों पर जवाब मांगे गए हैं। महासंघ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि विनेश 26 जून 2026 तक किसी भी घरेलू टूर्नामेंट में हिस्सा नहीं ले पाएंगी। ईएमएस 12मई 2026