खेल
12-May-2026
...


गंज बसौदा (ईएमएस)। ताइक्वांडो खेल को नई दिशा देने एवं प्रशिक्षित रेफरी तैयार करने के उद्देश्य से ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया एवं मध्य प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के तत्वावधान में जिला ताइक्वांडो संघ विदिशा द्वारा तीन दिवसीय नेशनल रेफरी सेमिनार एवं रिफ्रेशर कोर्स का आयोजन 8 से 10 मई तक शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, गंज बसौदा में किया गया। सेमिनार में देशभर से लगभग 150 खिलाड़ियों, कोचों एवं रेफरी ने सहभागिता कर ताइक्वांडो के नवीन नियमों एवं तकनीकी पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के मुख्य प्रशिक्षक अंतरराष्ट्रीय रेफरी एवं ब्लैक बेल्ट 7 डान मास्टर सुभाष पाटिल रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को ताइक्वांडो के नए नियम, मैच संचालन, स्कोरिंग सिस्टम तथा रेफरी संचालन की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। धार जिले के कोच गगन सिंह राजपूत ने बताया कि इस राष्ट्रीय रेफरी सेमिनार में धार जिले से पाँच खिलाड़ियों ने सहभागिता कर जिले का नाम गौरवान्वित किया। इनमें माही चंदेरिया, हर्षिता चौहान, भावना यादव, मितेश सिसोदिया एवं मनिषा सालियल शामिल रहे। सभी खिलाड़ी ब्लैक बेल्ट डैन फर्स्ट धारक हैं और ताइक्वांडो क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। सेमिनार के दौरान आयोजित परीक्षा एवं तकनीकी मूल्यांकन में सफल प्रतिभागियों को भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में ऑफिशियल एवं रेफरी के रूप में कार्य करने का अवसर प्राप्त होगा। यह सेमिनार खिलाड़ियों के तकनीकी ज्ञान एवं खेल कौशल को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हुआ। धार लौटने पर सभी खिलाड़ियों का स्वागत किया गया तथा प्रवीण तोमर , अध्यक्ष जिला ताइक्वांडो संघ धार, ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि जिले के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं, जो जिले के लिए गर्व की बात है। रॉकी/ईएमएस/12/05/2026