अंतर्राष्ट्रीय
12-May-2026


कराची (ईएमएस)। उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में मंगलवार को एक भीषण आत्मघाती हमले में दो पुलिस अधिकारियों और एक महिला सहित करीब आठ लोगों की जान चली गई। लक्की मारवत जिले के नौरंग बाजार इलाके में हुए धमाके में 35 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। पुलिस के अनुसार, एक आत्मघाती हमलावर ने फाटक चौक पर विस्फोटक से लदे अपने तिपहिया ऑटो रिक्शा में विस्फोट कर दिया। सभी घायलों को तत्काल सराय नौरंग, बन्नू और पेशावर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहाँ कई की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पतालों में आपातकाल घोषित कर दिया गया है और सभी चिकित्सा कर्मचारियों को बुला लिया गया। रेस्क्यू 1122 की टीमें राहत कार्यों में जुटी हैं। खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री मोहम्मद सुहैल अफरीदी ने इस घटना का संज्ञान लेकर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। आशीष दुबे / 12 मई 2026