राज्य
12-May-2026
...


पीएम की अपील का असर, दिया ईधन बचाने का संदेश जबलपुर (ईएमएस)। मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के न्यायाधीश डीडी बंसल अपनी लग्जरी कार छोड़कर सायकिल चलाकर हाईकोर्ट पहुंचे| दरअसल उन्होंने लोगों को वैश्विक हलातो के मद्देनजर डीजल, पेट्रोल बचाने का संदेश दिया| गौरतलब है कि हैदराबाद में एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से विदेशी मुद्रा भंडार बचाने के लिए डीजल, पेट्रोल और खाने के तेल की खपत कम करने और एक साल तक सोना (गोल्ड) नहीं खरीदने का आव्हान किया था| प्रधानमंत्री की इस अपील का असर राजनीतिक क्षेत्रों के साथ साथ न्यायपालिका में भी देखने को मिला| हाईकोर्ट के जस्टिस डीडी बंसल जबलपुर की सड़कों पर सायकिल चलाते हुए नजर आए, उन्होंने सिविल लाईन स्थित अपने आवास से हाईकोर्ट से करीब 3 किलोमीटर का सफर सायकिल से तय किया| इस दौरान हाईकोर्ट का एक कर्मचारी भी सायकिल चलाते हुए दिखा जो उनका जरुरी समान और बैग लेकर चल रहा था। मंगलवार को उनका वीडियो सामने आने के बाद लोगों के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई। इस दौरान रास्ते भर लोगों की नजरें उन पर टिकी रहीं। हाईकोर्ट परिसर पहुंचने पर भी कर्मचारियों और आम लोगों ने उन्हें उत्सुकता से देखा। उधर भोपाल में भी ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर लग्जरी कार छोड़कर इलेक्ट्रिक स्कूटी से मंत्रालय पहुंचे, उनकी फोटो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है| चीफ जस्टिस से प्रेरित होकर चलाई साइकिल.......... मीडिया से बातचीत में जस्टिस डीडी बंसल ने कहा कि यह सोच गलत है कि हाईकोर्ट के जज साइकिल से नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि जहां तक संभव हो, सभी लोगों को साइकिल चलाकर पेट्रोल-डीजल की बचत करनी चाहिए। उन्होंने इसे पर्यावरण और देशहित से जुड़ा विषय बताया। जस्टिस बंसल ने बताया कि वे मध्यप्रदेश हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस संजीव सचदेवा से प्रेरित होकर साइकिल चला रहे हैं। इस दौरान हाईकोर्ट के कुछ कर्मचारियों ने भी बैग और टिफिन लेकर साइकिल से आने-जाने की पहल की। दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान देशवासियों से फ्यूल की खपत कम करने की अपील की थी। उन्होंने लोगों से कहा था कि जहां तक संभव हो, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करें तथा मेट्रो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट और इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग बढ़ाएं, ताकि ऊर्जा की बचत हो सके और विदेशी मुद्रा पर पडऩे वाला दबाव कम किया जा सके। सुनील साहू / मोनिका / 12 मई 2026/ 06.04