बिलासपुर (ईएमएस)। थाना सिविल लाईन पुलिस ने क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए बड़ी कार्रवाई करते हुए तालापारा, मिनीबस्ती एवं मिशनगंज इलाके में अशांति फैलाने और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त 06 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों और क्षेत्र में बढ़ती असामाजिक गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। सिविल लाईन पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का वातावरण कायम रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के लोगों में राहत और सुरक्षा का माहौल देखा जा रहा है। - 12 मई 2026