राज्य
12-May-2026
...


मुंबई, (ईएमएस)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य के हजारों पुलिसकर्मियों के लिए बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। सरकार ने पुलिस कर्मचारियों को खुद का घर दिलाने के उद्देश्य से 1768.08 करोड़ रुपये की मंजूरी दी है। इस फैसले का फायदा राज्य के 5459 पुलिसकर्मियों को मिलेगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जनता की सुरक्षा के लिए दिन-रात काम करने वाले पुलिसकर्मियों को अपना घर मिलना चाहिए और सरकार इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। फडणवीस ने बताया कि वर्ष 2014 से 2019 के दौरान उनकी सरकार ने पुलिसकर्मियों के लिए ब्याज सब्सिडी योजना शुरू की थी, लेकिन महाविकास आघाड़ी सरकार के समय यह योजना बंद कर दी गई थी। बाद में उनकी सरकार ने इसे फिर से शुरू किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र राज्य पुलिस गृहनिर्माण एवं कल्याण महामंडल को मिले प्रस्तावों के आधार पर 5459 पुलिसकर्मियों के लिए घर निर्माण अग्रिम निधि के रूप में 1768.08 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। इस योजना के तहत पुलिसकर्मियों को घर खरीदने या निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। बहरहाल सरकार के इस फैसले से हजारों पुलिसकर्मियों का अपने घर का सपना पूरा होने की उम्मीद बढ़ गई है। संजय/संतोष झा- १२ मई/२०२६/ईएमएस