राज्य
12-May-2026
...


पुणे, (ईएमएस)। पुणे में मशहूर उद्योगपति अशोक जैन का शव एक होटल में मिलने से सनसनी फैल गई है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में विष सेवन कर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक, 61 वर्षीय अशोक मिलापचंद जैन पुणे के सैलिसबरी पार्क इलाके के निवासी थे। उनका शव शनिवार दोपहर आपटे रोड स्थित एक होटल के कमरे में मिला। बताया जा रहा है कि वे शुक्रवार को घर से निकले थे, जिसके बाद परिवार से उनका कोई संपर्क नहीं हो पाया। चिंतित परिजनों ने शुक्रवार शाम स्वारगेट पुलिस स्टेशन में उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शनिवार दोपहर होटल कर्मचारियों ने कमरे में संदिग्ध स्थिति देखकर डेक्कन पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर देखा तो अशोक जैन मृत अवस्था में मिले। कमरे में कई जगह उल्टी के निशान पाए गए, जिससे पुलिस ने विष सेवन की आशंका जताई है। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है। माना जा रहा है कि यह नोट अशोक जैन ने ही लिखा है। पुलिस नोट की जांच कर रही है और आत्महत्या के पीछे की वजह पता लगाने की कोशिश में जुटी है। फिलहाल पुलिस द्वारा परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई साजिश है। जतिन/संतोष झा- १२ मई/२०२६/ईएमएस