क्षेत्रीय
12-May-2026
...


- पारदर्शिता के साथ हो उपार्जन कार्य भिंड ( ईएमएस ) | मध्यप्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त) संजीव कांकर ने आज भिण्ड जिले के मौ एवं मेहगांव क्षेत्र के विभिन्न उपार्जन केंद्रों तथा वेयरहाउस का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने किसानों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। श्री कांकर ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में राज्य सरकार किसान हितों की रक्षा एवं उनकी सुविधाओं के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि किसानों के अन्न का एक-एक दाना पूरी पारदर्शिता, नियम और सम्मान के साथ तौला जाए तथा उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपार्जन केंद्रों पर तौल व्यवस्था, अनाज भंडारण, वेयरहाउस की स्थिति एवं किसानों को उपलब्ध सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तौल केंद्रों पर कांटों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि किसानों को लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े। साथ ही तौल प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कांटों का समय-समय पर परीक्षण एवं सत्यापन किया जाए। उन्होंने उपार्जित अनाज की समय पर डुलाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए ताकि किसानों के भुगतान में किसी प्रकार की देरी न हो। निरीक्षण के दौरान कुछ छोटी-मोटी अनियमितताएं पाए जाने पर श्री कांकर ने उन्हें तत्काल प्रभाव से सुधारने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। श्री कांकर ने कहा कि “जब तक हमारा अन्नदाता सुरक्षित, सम्मानित और संतुष्ट नहीं होगा, तब तक प्रदेश समृद्ध एवं आत्मनिर्भर नहीं बन सकता। किसानों की सुविधा और उनके हितों की रक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” इस अवसर पर नैन (NAN) के अधिकारी, उपार्जन कार्य से जुड़े कर्मचारी एवं स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।