राज्य
12-May-2026


‎पटना, (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने एक बार फिर यह सिद्ध किया है कि देशहित और जनहित उसके लिए सर्वोपरि है। वैश्विक स्तर पर ईरान-इजरायल युद्ध तथा खाड़ी क्षेत्र में उत्पन्न संकट के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल एवं पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों में लगातार अस्थिरता और दबाव की स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद भारत में पेट्रोल-डीजल एवं अन्य आवश्यक पेट्रोलियम पदार्थों की कीमतों को नियंत्रित रखते हुए आम जनता पर किसी प्रकार का अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ने देना केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीति, मजबूत आर्थिक प्रबंधन और जनकल्याण के प्रति संवेदनशीलता का प्रमाण है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक प्रेम रंजन पटेल ने अपने प्रेस बयान में आगे कहा कि आज पूरी दुनिया इस संकट से प्रभावित है, कई देशों में ईंधन की कीमतों में भारी वृद्धि हुई है, जिसका सीधा असर आम लोगों की दैनिक जिंदगी, परिवहन, खेती, उद्योग तथा महंगाई पर पड़ा है। लेकिन भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने समय रहते प्रभावी कदम उठाकर देश की अर्थव्यवस्था को स्थिर बनाए रखा। सरकार की प्राथमिकता स्पष्ट रही है कि वैश्विक संकट का बोझ देश की गरीब, मध्यम वर्गीय एवं मेहनतकश जनता पर नहीं पड़ना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली हमेशा संकट के समय निर्णायक नेतृत्व देने वाली रही है। चाहे कोरोना महामारी का कठिन दौर हो, वैश्विक आर्थिक मंदी की चुनौती हो, प्राकृतिक आपदाएं हों अथवा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्पन्न युद्ध जैसी परिस्थितियां- हर बार प्रधानमंत्री मोदी ने मजबूत इच्छाशक्ति, कुशल प्रबंधन और त्वरित निर्णय क्षमता के द्वारा देश को सुरक्षित और स्थिर रखने का कार्य किया है। भारत सरकार ने ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने, वैकल्पिक स्रोतों पर ध्यान देने, रणनीतिक तेल भंडारण क्षमता बढ़ाने तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर समन्वय स्थापित कर देशहित में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इसी का परिणाम है कि आज भारत अन्य देशों की तुलना में अधिक मजबूती के साथ इस संकट का सामना कर रहा है। यह सरकार केवल आंकड़ों की राजनीति नहीं करती, बल्कि आम लोगों की परेशानियों को समझते हुए संवेदनशील निर्णय लेती है। गरीबों, किसानों, मजदूरों, छोटे व्यापारियों एवं मध्यम वर्ग के हितों की रक्षा करना ही मोदी सरकार की प्राथमिकता है। जनता का विश्वास भी लगातार इस कारण मजबूत हुआ है, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर चुनौती में देशवासियों के साथ खड़े दिखाई दिये हैं। आज जरूरत इस बात की है कि सभी देशवासी राष्ट्रीय हित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट रहें तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आत्मनिर्भर, मजबूत और सुरक्षित भारत के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। मोदी सरकार संकट को अवसर में बदलते हुए भारत को वैश्विक स्तर पर आर्थिक एवं रणनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। संतोष झा- १२ मई/२०२६/ईएमएस