राज्य
12-May-2026
...


:: अचला एकादशी पर नवलखा क्षेत्र में मचेगी श्याम नाम की धूम, भजनों के साथ होगा बाबा का भव्य श्रृंगार :: इंदौर (ईएमएस)। नवलखा स्थित साजन नगर के खाटू श्याम एवं नर्मदेश्वर महादेव मंदिर पर अचला एकादशी का पावन पर्व बुधवार, 13 मई को श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जाएगा। मंदिर प्रबंध समिति के प्रमुख सुरेश रामपीपलिया एवं साजन नगर रहवासी संघ के अध्यक्ष सुजीत शर्मा ने बताया कि इस उपलक्ष्य में मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला आयोजित की गई है। शाम 7 बजे से बाबा श्याम की अखंड ज्योति प्रज्वलित की जाएगी, जिसके साथ ही महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। भक्तों के दर्शन के लिए बाबा का अलौकिक और मनोहारी श्रृंगार भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। समिति के प्रहलाद गोयल और राहुल व्यास ने बताया कि अचला एकादशी के इस शुभ अवसर पर मंदिर आने वाले प्रथम एक हजार भक्तों को बरकती सिक्कों का वितरण किया जाएगा। इन सिक्कों को सुख-समृद्धि का प्रतीक मानकर बाबा के आशीर्वाद के रूप में प्रदान किया जाता है। महोत्सव की व्यवस्थाओं को लेकर रहवासी संघ और मंदिर समिति ने व्यापक तैयारियां की हैं ताकि आने वाले दर्शनार्थियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। धार्मिक भजनों से सजी शाम में ख्यात गायक अपनी प्रस्तुति देंगे। अतुल अग्रवाल चाय ने बताया कि शाम 7 बजे से भजन गायक पियूष भावसार और उनकी टीम द्वारा सुमधुर भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएंगी। इस दौरान श्याम बाबा के भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आएंगे। कार्यक्रम के अंत में दिव्य आरती होगी और तत्पश्चात प्रसादी का वितरण किया जाएगा। साजन नगर और आसपास के क्षेत्रों के श्याम भक्तों से इस भव्य आयोजन में शामिल होकर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है। प्रकाश/12 मई 2026