:: प्रधानमंत्री के अनुज ने इंदौर प्रवास के दौरान विश्व हिंदू फेडरेशन के कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले- संगठित प्रतिरोध ही सुरक्षा कवच :: इंदौर (ईएमएस)। वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अनुज प्रहलाद दामोदरदास मोदी ने कहा है कि सनातन धर्म हमारी सबसे बड़ी पहचान, शक्ति और रक्षाकवच है। विडम्बना है कि आज कुछ विधर्मी और विदेशी ताकतें खुलेआम सनातन धर्म पर आक्रमण कर हमारे देवी-देवताओं का अपमान कर रही हैं। ये शक्तियां हमारे मंदिरों पर कब्ज़ा करने से लेकर हिन्दू समाज को विभाजित करने के दुष्प्रयासों में जुटी हुई हैं। हमारे त्योहारों पर भी प्रश्नचिह्न लगाए जा रहे हैं, लेकिन अब वक्त आ गया है कि हमें इन सभी षड्यंत्रों से सतर्क रहकर सशक्त, संगठित और निरंतर प्रतिरोध करने की जरूरत है। मोदी ने यह विचार अपने इंदौर, बडवाह, ओंकारेश्वर और उज्जैन प्रवास के दौरान विभिन्न धर्मस्थलों पर दर्शन-पूजन एवं फेडरेशन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया, जहाँ उन्हें स्मृति चिन्ह और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया गया। फेडरेशन के प्रदेशाध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया कि मोदी ने बड़वाह स्थित सुंदरधाम आश्रम में संत बालकदास महाराज के सानिध्य में कार्यकर्ताओं से चर्चा की और समाज को नई दिशा देने का आह्वान किया। :: हर गांव में बने हिंदू मंच और सनातन योद्धा :: प्रहलाद मोदी ने कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों से भेंट के दौरान भविष्य की रणनीति साझा करते हुए कहा कि हमें जमीनी स्तर पर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने आह्वान किया कि कार्यकर्ता हर गाँव में एक हिन्दू मंच का गठन करें और हर युवा को सनातन योद्धा के रूप में तैयार करें। उन्होंने मातृशक्ति की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि हर महिला को हिन्दू समाज की रक्षक बनना होगा। मोदी के अनुसार, जब समाज का हर वर्ग जागृत होगा, तभी विधर्मी आक्रमणों का संगठित और अहिंसक तरीके से प्रभावी प्रतिरोध संभव हो सकेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे यह अपील प्रधानमंत्री के भाई के नाते नहीं, बल्कि एक सनातनी हिंदू के रूप में कर रहे हैं। :: जागृत हिंदू ही भारत को बनाएगा विश्वगुरु :: कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार करते हुए मोदी ने कहा कि आप स्वयं को अकेला न समझें, पूरा हिन्दू समाज और देश का एक बड़ा हिस्सा आपके साथ खड़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस दिन भारत का हिंदू पूरी तरह जागृत हो जाएगा, उस दिन भारत को विश्वगुरु बनने से कोई रोक नहीं पाएगा। प्रदेश अध्यक्ष संजय अग्रवाल, महामंत्री रोहित मित्तल और महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता विनोद जायसवाल के नेतृत्व में हो रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में संगठन, सेवा और संघर्ष के तीनों स्तंभों को मजबूती से थाम रखा गया है। यात्रा के दौरान अंचल के विभिन्न स्थानों पर सनातनी संस्कृति के अनुरूप उनका आत्मीय स्वागत किया गया। प्रकाश/12 मई 2026 संलग्न चित्र - इंदौर। प्रधानमंत्री के छोटे भाई प्रहलाद मोदी को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते वर्ल्ड हिन्दू फेडरेशन इंडिया के प्रदेशाध्यक्ष संजय अग्रवाल एवं महामंत्री रोहित मित्तल।