- आधुनिक प्रोजेक्ट्स, विरासत और मनोरंजन का अनोखा संगम बना पर्यटकों की पहली पसंद - सरकार के विज़न ने बदली अहमदाबाद की तस्वीर, हेरिटेज सिटी से इंटरनेशनल टूरिस्ट हब तक का शानदार सफर अहमदाबाद (ईएमएस)| भारत के प्रमुख शहरों में शामिल अहमदाबाद आज जिस ऊंचाई पर पहुंचा है, उसका बड़ा श्रेय सरकार के मजबूत विजन और पर्यटन क्षेत्र में लिए गए क्रांतिकारी फैसलों को जाता है। कभी केवल औद्योगिक नगरी के रूप में पहचान रखने वाला अहमदाबाद अब अंतरराष्ट्रीय स्तर के ‘टूरिस्ट हब’ के रूप में तेजी से उभर रहा है। सरकार की विभिन्न योजनाओं और आधुनिक परियोजनाओं ने शहर को नई पहचान दी है। गर्मी की छुट्टियां शुरू होते ही बच्चे हों या बड़े, हर कोई घूमने-फिरने की योजना बनाता है। ऐसे में यदि आप भी इस वेकेशन में किसी ऐसे शहर की तलाश में हैं, जहां इतिहास और आधुनिकता का शानदार मेल देखने को मिले, तो अहमदाबाद आपके लिए बेहतरीन विकल्प साबित हो सकता है। ‘हेरिटेज सिटी’ के रूप में प्रसिद्ध यह शहर अब तकनीक, मनोरंजन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के नए केंद्रों के साथ पर्यटकों का स्वागत कर रहा है। - विरासत से आगे बढ़कर आधुनिक पर्यटन का केंद्र बना अहमदाबाद अहमदाबाद अब केवल पुरानी पोलों और ऐतिहासिक स्मारकों तक सीमित नहीं रहा। पिछले कुछ वर्षों में यहां कई विश्वस्तरीय प्रोजेक्ट विकसित किए गए हैं, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बन चुके हैं। यदि आप परिवार या दोस्तों के साथ घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो अहमदाबाद के ये नए पर्यटन स्थल आपकी यात्रा को यादगार बना देंगे। - साबरमती रिवरफ्रंट और अटल ब्रिज बने शहर की नई पहचान साबरमती रिवरफ्रंट आज अहमदाबाद की शान बन चुका है। यहां विकसित की गई आधुनिक सुविधाएं और खूबसूरत वातावरण लोगों को खासा आकर्षित करता है। रिवरफ्रंट का सबसे बड़ा आकर्षण है अटल ब्रिज यह फूट-ओवर ब्रिज अपनी अनोखी डिजाइन और रात के समय जगमगाती रोशनी के लिए प्रसिद्ध है। यहां से बहती साबरमती नदी का दृश्य बेहद मनमोहक दिखाई देता है। शाम के समय यहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं और सेल्फी व फोटोग्राफी का आनंद लेते हैं। - साइंस सिटी बच्चों और युवाओं के लिए आकर्षण का केंद्र यदि आप बच्चों के साथ घूमने जा रहे हैं, तो गुजरात साइंस सिटी आपके लिए परफेक्ट डेस्टिनेशन है। यहां की एक्वेटिक गैलरी देश की सबसे बड़ी गैलरियों में से एक मानी जाती है। कांच की सुरंग के भीतर से गुजरती शार्क और अन्य समुद्री जीवों को देखना पर्यटकों के लिए बेहद रोमांचक अनुभव बन जाता है। साइंस सिटी की रोबोटिक गैलरी भी बच्चों और युवाओं को खूब आकर्षित करती है। यहां रोबोट द्वारा चाय परोसने से लेकर रोबोटिक डांस प्रदर्शन तक कई आधुनिक तकनीकी आकर्षण मौजूद हैं। विज्ञान और मनोरंजन का यह संगम बच्चों के लिए ज्ञानवर्धक होने के साथ-साथ बेहद मनोरंजक भी साबित होता है। - नरेंद्र मोदी स्टेडियम की भव्यता करती है रोमांचित नरेन्द्र मोदी स्टेडियम दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम माना जाता है। चाहे आप क्रिकेट प्रेमी हों या नहीं, इस विशाल स्टेडियम की भव्यता हर किसी को प्रभावित करती है। अत्याधुनिक डिजाइन, आधुनिक लाइटिंग सिस्टम और विशाल बैठने की क्षमता इसे दुनिया के सबसे खास स्टेडियमों में शामिल करती है। देश-विदेश से आने वाले पर्यटक यहां पहुंचकर इसकी खूबसूरती और आधुनिक संरचना को करीब से देखने का आनंद लेते हैं। - कांकरिया लेक में बढ़े मनोरंजन के नए विकल्प कांकरिया लेक वर्षों से शहर का लोकप्रिय पर्यटन स्थल रहा है, लेकिन अब यहां कई नई गतिविधियां भी शुरू की गई हैं। नई बालवाटिका, किड्स सिटी, टॉय ट्रेन और चिड़ियाघर के अलावा यहां एडवेंचर एक्टिविटीज की सुविधाओं का भी विस्तार किया गया है। परिवार के साथ समय बिताने और बच्चों को मनोरंजन का बेहतर अनुभव देने के लिए कांकड़िया आज भी अहमदाबाद के सबसे पसंदीदा स्थलों में गिना जाता है। - स्वाद और स्ट्रीट फूड के लिए भी मशहूर है अहमदाबाद अहमदाबाद की यात्रा यहां के स्वादिष्ट भोजन के बिना अधूरी मानी जाती है। रात के समय माणेक चौक का चटपटा स्ट्रीट फूड पर्यटकों की पहली पसंद बन जाता है। पारंपरिक गुजराती व्यंजनों के साथ-साथ अब सिंधु भवन रोड पर कई आधुनिक कैफे और रेस्टोरेंट भी खुल चुके हैं, जहां युवाओं की बड़ी भीड़ देखने को मिलती है। ‘खाऊ गली’ और आधुनिक फूड स्ट्रीट्स ने शहर की फूड कल्चर को नई पहचान दी है। - आधुनिकता और संस्कृति का खूबसूरत संगम अहमदाबाद अब एक आधुनिक और स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो चुका है। यहां शिक्षा, मनोरंजन, संस्कृति और आधुनिक स्थापत्य कला का अद्भुत मेल देखने को मिलता है। गर्मी से बचने के लिए सुबह जल्दी या शाम के समय इन पर्यटन स्थलों की यात्रा करना अधिक सुविधाजनक माना जाता है। यदि आप इस वेकेशन में विज्ञान, संस्कृति, आधुनिक जीवनशैली और मनोरंजन का अनुभव एक साथ करना चाहते हैं, तो अहमदाबाद आपका स्वागत करने के लिए पूरी तरह तैयार है। - पर्यटन के नए मानचित्र पर चमक रहा अहमदाबाद आज अहमदाबाद केवल गुजरात की आर्थिक राजधानी भर नहीं रहा, बल्कि पर्यटन के क्षेत्र में भी तेजी से अपनी मजबूत पहचान बना चुका है। आधुनिक प्रोजेक्ट्स, ऐतिहासिक धरोहरों और विश्वस्तरीय सुविधाओं के कारण यह शहर देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल होता जा रहा है। सतीश/12 मई