खरगोन (ईएमएस)। मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल के चुनाव का असर जिला मुख्यालय पर भी देखने को मिला। काउंसिल चुनाव में शहर बार एसोसिएशन के अभिभाषकों ने भी बतौर सदस्य मतदान किया, जिसके लिए न्यायालय परिसर में बूथ बनाया गया था। निष्पक्ष चुनाव और मतदान के लिए चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश मुकेश नाथ को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। चुनाव के परिणामों से तय होगा कि अगले कार्यकाल के लिए प्रदेश के अधिवक्ताओं का नेतृत्व कौन करेगा। खरगोन न्यायालय परिसर में सुबह 10 से शाम पांच बजे तक मतदान प्रक्रिया में 289 अभिभाषकों ने मतदान किया। अभिभाषक संघ अध्यक्ष पवन बिल्लौरे ने बताया यह चुनाव संगठन के रुप में महत्वपूर्ण है। यह अभिभाषकों का सबसे बड़ा संगठन है। इसी संगठन से प्रदेश में अभिभाषकों के हितों, अधिकारों की आवाज उठाई जाती है। चुनाव प्रक्रिया को लेकर पिछले दो माह से प्रत्याशी लगातार प्रदेश भर के अभिाषकों के संपर्क में थे। इस निर्वाचन प्रक्रिया में 25 सदस्यों का चयन किया जाना है, जिनमें 18 पुरुष और 7 महिला सदस्य शामिल होंगे। कुल 122 प्रत्याशी मैदान में है, जो कि 23 सदस्यों का चयन करेंगे। वहीं दो महिला सदस्यों को मनोनीत किया जाना है। चुनाव को लेकर शहर के अभिभाषकों में उत्साह है। शहर अभिभाषक संघ के 387 अभिभाषकों को मतदान की पात्रता थी। हर मतदाता को 23 वोट करना थे। बैलेट पेपर में प्रत्याशी का सीरियल नंबर दर्ज था, जिसके आगे नंबर पर सहमति जताकर अपना वोट डाला गया। हाईकोर्ट चुनाव में पहली बार महिला आरक्षण भी दिया गया, इसके तहत 7 महिला प्रत्याशी मैदान में है। परिणाम घोषणा के लिए 16 जून निर्धारित की गई है। अभिभाषक संघ सचिव रविंद्र यादव और उपाध्यक्ष युवराज गुजराथी ने बताया निर्वाचन प्रक्रिया न्यायाधीश नाथ के नेतृत्व में कराई गई, इसमें मतदान सहित मतदाताओं की पहचान प्रक्रिया न्यायालीयन कर्मचारियों ने ही संपन्न कराई। मतदान के दौरान न्यायालय परिसर में व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए पुलिस के साथ ही स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती भी की गई थी। ईएमएस/नाजिम शेख/ 12 मई 2026