- पूछताछ में अन्य वारदातों का खुलासा होने की उम्मीद इन्दौर (ईएमएस) जीआरपी ने इन्दौर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रही महिला का बेग चुराने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। महिला पटना जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर बैठी थी और उसके बेग में जेवरात थे जिसे चोर ने चुरा लिया था। जीआरपी के अनुसार सूर्यदेव नगर अन्नपूर्णा रोड निवासी अनिल जायसवाल कल अपने साले की पत्नी लक्ष्मी जायसवाल, जो सुल्तानपुर-पटना से इंदौर आई थी, को रेलवे स्टेशन पर छोड़ने आए थे। उन्होंने प्लेटफार्म नंबर 3 पर ट्रॉली बैग रखा था, तभी अज्ञात चोर ने बैग चुरा लिया, जिसमें सोने की चूड़ियां, चेन, तीन सोने की अंगूठी, चांदी के जेवरात, दस हजार नकद सहित कुल 2 लाख 82 हजार का माल रखा था। अनिल की रिपोर्ट पर पुलिस ने जांच-पड़ताल की और चंद घंटों में ही आरोपी मदन बामनिया पिता केसरसिंह निवासी नौगांव हातोद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बेग सहित पूरा माल बरामद किया। फिलहाल पुलिस उससे पूछताछ कर रही है जिसमें पुलिस को कुछ पुरानी वारदातों का भी खुलासा होने की उम्मीद है। आनंद पुरोहित/ 12 मई 2026