राज्य
12-May-2026
...


:: गीता भवन-गोपाल मंदिर कॉम्प्लेक्स और ग्रीन टाउनशिप परियोजनाओं को भी मिली बोर्ड की मंजूरी :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर को और अधिक आधुनिक और सुविधा संपन्न बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कलेक्टर एवं इंदौर स्मार्ट सिटी डेवलपमेंट लिमिटेड के चेयरमेन शिवम वर्मा की अध्यक्षता में बोर्ड की 38वीं बैठक संपन्न हुई। इस उच्च स्तरीय बैठक में शहर के बुनियादी ढांचे, शिक्षा और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी कई महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की गई। बैठक में निगम आयुक्त एवं कार्यपालक निदेशक क्षितिज सिंघल और स्मार्ट सिटी सीईओ अर्थ जैन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बोर्ड बैठक का सबसे प्रमुख आकर्षण अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय परिसर से जुड़ा रहा। बैठक में यहाँ एक अत्याधुनिक लैंडमार्क पब्लिक लाइब्रेरी विकसित करने के प्रस्ताव को सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। इस लाइब्रेरी को केवल किताबों तक सीमित न रखकर एक आधुनिक ज्ञान केंद्र के रूप में ढाला जाएगा, जिसमें डिजिटल लाइब्रेरी, शांत रीडिंग जोन और एक कैफेटेरिया जैसी सुविधाएं होंगी। यह परियोजना शहर के छात्र जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगी। बैठक में बहुप्रतीक्षित एमओजी लाइन पुनर्विकास परियोजना को भी मंजूरी दी गई, जो क्षेत्र की सूरत बदलने में सहायक होगी। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए ग्रीन टाउनशिप विकास के प्रस्ताव पर भी बोर्ड ने सहमति जताई। शहर की यातायात व्यवस्था को तकनीक से जोड़ने के लिए आईटीएमएस के विस्तार और छप्पन दुकान क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। स्मार्ट सिटी बोर्ड ने गीता भवन और गोपाल मंदिर कॉम्प्लेक्स के बेहतर संचालन और प्रबंधन की योजनाओं को भी हरी झंडी दिखाई। चेयरमेन शिवम वर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी स्वीकृत परियोजनाओं को तय समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्मार्ट सिटी के कार्यों का सीधा लाभ आम जनता को सुलभ और आधुनिक सेवाओं के रूप में मिलना चाहिए। प्रकाश/12 मई 2026