राज्य
12-May-2026
...


:: राजस्व, भवन अनुज्ञा और सीवरेज से जुड़ी शिकायतों की भरमार, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश :: इंदौर (ईएमएस)। नगर निगम मुख्यालय में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में शहर के विभिन्न कोनों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं आयुक्त क्षितिज सिंघल के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सबसे अधिक मामले राजस्व, भवन अनुज्ञा और सीवरेज निकासी से संबंधित रहे। आयुक्त ने प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभागीय अधिकारियों को दो-टूक निर्देश दिए कि आवेदनों का नियमानुसार त्वरित निराकरण किया जाए और नागरिकों को बार-बार निगम के चक्कर न काटने पड़ें। जनसुनवाई के दौरान भवन अनुज्ञा के मामलों में नक्शा पास होने में देरी, अवैध निर्माण और राजस्व विभाग से संबंधित नामांतरण व टैक्स संबंधी विसंगतियों के आवेदन प्रमुखता से आए। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग के तहत कचरा संग्रहण की अनियमितता, सीवरेज लाइनों के चोक होने और जनकार्य विभाग से जुड़ी सड़कों की मरम्मत के मुद्दे भी छाए रहे। मार्केट विभाग से संबंधित अतिक्रमण और दुकानों के आवंटन को लेकर भी कुछ नागरिकों ने अपनी बात रखी। :: मौके पर ही अधिकारियों को लगाई फटकार :: आयुक्त सिंघल ने एक-एक कर आवेदकों से मुलाकात की और उनके प्रकरण देखे। कुछ मामलों में देरी होने पर उन्होंने संबंधित विभाग प्रमुखों से जवाब-तलब किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य केवल आवेदन लेना नहीं, बल्कि पीड़ित को राहत दिलाना है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर पर लंबित फाइलों की समीक्षा करें और गुणवत्ता के साथ समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें। जनसुनवाई के दौरान निगम का पूरा प्रशासनिक अमला मौजूद रहा, जिसमें अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, अधीक्षण यंत्री एवं सभी विभाग प्रमुख शामिल थे। आयुक्त ने अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और जनहित से जुड़ी सेवाओं को पारदर्शी बनाने पर जोर दिया। प्रकाश/12 मई 2026