राज्य
12-May-2026
...


:: एमडी ने किया जमीन का निरीक्षण, कहा- उद्योगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के प्रमुख औद्योगिक हब पालदा में बिजली की बढ़ती मांग और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए विद्युत वितरण क्षमता के विस्तार की तैयारी पूरी कर ली गई है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध निदेशक (एमडी) अनूप कुमार सिंह ने मंगलवार दोपहर पालदा क्षेत्र का दौरा कर प्रस्तावित 33/11 केवी सब स्टेशन के लिए आवंटित भूमि का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ढाई करोड़ की लागत से बनने वाले इस 5 एमवीए क्षमता के नए ग्रिड का सिविल कार्य तत्काल प्रभाव से शुरू किया जाए। निरीक्षण के दौरान एमडी श्री सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना कंपनी की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने तर्क दिया कि उद्योगों को मिलने वाली बिजली का सीधा संबंध शहर के विकास और रोजगार सृजन से होता है, इसलिए इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पालदा के पुराने ग्रिड का भी अवलोकन किया और वर्तमान में हो रही बिजली आपूर्ति व उपभोक्ताओं की शिकायतों के निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। :: अत्याधुनिक उपकरणों से लैस होगा नया सिस्टम :: कंपनी द्वारा शहर के औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली वितरण व्यवस्था को अत्याधुनिक बनाया जा रहा है। नए सब स्टेशन के साथ ही क्षेत्र में हाई-टेक ट्रांसफार्मर, केबल और कंडक्टर लगाए जा रहे हैं, जिससे लाइन लॉस कम होगा और ट्रिपिंग की समस्या से निजात मिलेगी। निरीक्षण के दौरान मुख्य अभियंता (कार्य) एस.एल. करवाड़िया, शहर अधीक्षण यंत्री डी.के. गाठे, कार्यपालन यंत्री राजेश जौहर, अजीज बूटवाला और अलिंद देशपांडे सहित विभाग के अन्य तकनीकी अधिकारी उपस्थित थे। अधिकारियों ने एमडी को आश्वस्त किया कि मानसून से पूर्व प्रारंभिक तैयारियां पूर्ण कर ली जाएंगी ताकि निर्माण कार्य में गति बनी रहे। प्रकाश/12 मई 2026