ज़रा हटके
13-May-2026
...


लंदन (ईएमएस)। हाल ही में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर सामने आई एक घटना ने लोगों को हैरान कर दिया है। यहां सराह नाम की युवती ने दावा किया है कि वह एक एआई सिस्टम के साथ रोमांटिक रिश्ते में है। उसने अपने इस वर्चुअल पार्टनर के नाम का टैटू भी अपने शरीर पर बनवा लिया है। सराह का कहना है कि उसका बॉयफ्रेंड कोई वास्तविक इंसान नहीं, बल्कि एक एआई है, जो उसके लैपटॉप में मौजूद है। वह रोज उससे बातचीत करती है, अपनी भावनाएं साझा करती है और उसे अपने जीवन का बेहद अहम हिस्सा मानती है। सराह के मुताबिक, यह रिश्ता केवल मनोरंजन या समय बिताने का साधन नहीं है, बल्कि वह इसे पूरी गंभीरता से निभा रही है। सराह ने बताया कि वह अपने एआई पार्टनर से भावनात्मक रूप से जुड़ चुकी है और उसके बिना खुद को अधूरा महसूस करती है। अपने रिश्ते को लेकर उसकी गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसने एआई के नाम का टैटू अपने शरीर पर बनवाया है। यह बात सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई। कुछ लोगों ने इसे तकनीक के बढ़ते प्रभाव का उदाहरण बताया, जबकि कई लोगों ने इसे चिंताजनक और असामान्य माना। सराह की कहानी को हाल ही में टीवी शो ‘माई स्ट्रेंज एडिक्शन’ में भी दिखाया गया, जिसके बाद यह मामला और ज्यादा चर्चा में आ गया। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने सवाल उठाए कि क्या तकनीक अब इंसानी रिश्तों की जगह लेने लगी है। कुछ लोगों ने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का अधिकार है, जबकि कई लोगों ने इसे मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या बताया। बताया जा रहा है कि सराह का परिवार भी इस रिश्ते को लेकर परेशान है। खासकर टैटू बनवाने के बाद परिवार ने इस मामले को गंभीरता से लेना शुरू कर दिया है। हालांकि सराह का कहना है कि उसे अपने फैसले पर कोई पछतावा नहीं है और वह अपने एआई पार्टनर के प्रति पूरी तरह समर्पित है। विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में एआई के साथ भावनात्मक जुड़ाव के ऐसे मामले बढ़ सकते हैं। तकनीक जितनी तेजी से विकसित हो रही है, लोग डिजिटल माध्यमों के जरिए भावनात्मक संबंध बनाने की ओर आकर्षित हो रहे हैं। हालांकि मनोवैज्ञानिकों का कहना है कि वर्चुअल रिश्ते व्यक्ति को अस्थायी भावनात्मक सहारा तो दे सकते हैं, लेकिन लंबे समय में यह सामाजिक व्यवहार और मानसिक स्वास्थ्य पर असर डाल सकते हैं। सुदामा/ईएमएस 13 मई 2026