अंतर्राष्ट्रीय
13-May-2026
...


-इस खुलासे के बाद भी उनके रिश्ते और प्यार में कोई बदलाव नहीं लंदन,(ईएमएस)। ब्रिटेन में सामने आए एक दुर्लभ और चौंकाने वाले मामले ने दुनिया को हैरानी में डाल दिया है। यहां 49 साल की जुड़वा बहनों को डीएनए जांच के बाद पता चला कि उनके बायोलॉजिकल पिता अलग-अलग हैं। एक ही मां की कोख से जन्म लेने वाली इन बहनों की कहानी अब दुनियाभर में चर्चा का विषय बनी गई है। विशेषज्ञों के मुताबिक यह घटना बेहद दुर्लभ है और मेडिकल साइंस के इतिहास में ऐसे मामले बहुत कम दर्ज किए गए हैं। मिशेल ऑस्बॉर्न और लवीनिया ऑस्बॉर्न नाम की इन जुड़वा बहनों को लंबे समय से अपने परिवार को लेकर कुछ शक था। मिशेल को हमेशा महसूस होता था कि उनकी शक्ल उस व्यक्ति से मेल नहीं खाती, जिसे वह अपना पिता मानती थीं। इसी शक को दूर करने के लिए उन्होंने घर पर इस्तेमाल होने वाली डीएनए जांच किट मंगाई। रिपोर्ट सामने आने के बाद उन्हें पता चला कि जेम्स नाम का व्यक्ति उनके असली पिता नहीं हैं। इस खुलासे ने मिशेल को पूरी तरह हैरान कर दिया। इसके बाद लवीनिया ने भी अपनी सच्चाई जानने के लिए डीएनए टेस्ट कराया। जांच के नतीजों ने और बड़ा रहस्य उजागर कर दिया। रिपोर्ट में सामने आया कि दोनों बहनों के पिता अलग-अलग हैं। यह जानकर परिवार के लोग भी हैरान रह गए। मेडिकल विशेषज्ञों के मुताबिक इस दुर्लभ प्रक्रिया को ‘हेटेरोपैटरनल सुपरफेकंडेशन’ कहा जाता है। यह तब होता है जब एक महिला के शरीर से एक ही मासिक चक्र के दौरान दो अंडे निकलते हैं और वे बहुत कम समय के अंतराल में दो अलग-अलग पुरुषों के स्पर्म से निषेचित हो जाते हैं। इसके बाद जन्म लेने वाले जुड़वा बच्चों के पिता अलग-अलग हो सकते हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि दुनिया भर में अब तक ऐसे 20 से भी कम मामले सामने आए हैं। ब्रिटेन में इसे पहला कानूनी और वैज्ञानिक रूप से दर्ज मामला माना जा रहा है। बहनों ने बताया कि उनकी मां ने यह सच्चाई पूरी जिंदगी छिपाकर रखी। दुख की बात यह रही कि वर्ष 2022 में जब डीएनए जांच के नतीजे पूरी तरह सामने आए, उसी दौरान उनकी मां का निधन हो गया। बाद में दोनों बहनों ने अपने-अपने असली पिताओं की पहचान कर ली। मिशेल के बायोलॉजिकल पिता एलेक्स निकले, जबकि लवीनिया के पिता आर्थर हैं। दोनों बहनों का कहना है कि इस खुलासे के बाद भी उनके रिश्ते और प्यार में कोई बदलाव नहीं आया। वे आज भी पहले की तरह बेहद करीब हैं और खुद को किसी चमत्कार से कम नहीं मानती हैं। सिराज/ईएमएस 13 मई 2026