- परिजनों ने किया जमकर हंगामा कानपुर (ईएमएस)। नौबस्ता स्थित एक निजी स्कूल में माथे पर तिलक लगाकर आने को लेकर कक्षा छह के एक छात्र की पिटाई का मामला सामने आया है, जिसके बाद स्कूल परिसर में भारी हंगामा हुआ। बर्रा निवासी एक खाद्य तेल कारोबारी का पुत्र किदवई नगर के मदर टेरेसा मिशन हायर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ता है। छात्र का आरोप है कि वह प्रतिदिन तिलक लगाकर स्कूल आता है, जो एक शिक्षिका को पसंद नहीं था। छात्र के अनुसार शिक्षिका ने तिलक लगाने के कारण उसे डांटते हुए तीन-चार तमाचे जड़ दिए। छुट्टी के वक्त जब पिता स्कूल पहुंचे, तो बेटे ने रोते हुए आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने स्कूल प्रबंधन से इसकी शिकायत की। परिजनों का आरोप है कि प्रबंधन ने शिक्षिका का पक्ष लेते हुए छात्र पर ही होमवर्क न करने का झूठा आरोप मढ़ दिया और शिकायत सुनने से इनकार कर दिया। इसके बाद परिजनों ने यूपी 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंच गया। नौबस्ता थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि छात्र की पिटाई को लेकर हंगामे की सूचना मिली है, हालांकि अभी तक परिजनों की ओर से औपचारिक लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायत मिलते ही मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर, स्कूल की प्रधानाचार्य डॉ. बीना साइलस ने बताया कि वह उस समय कोयला नगर स्थित दूसरी शाखा में थीं, इसलिए उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं मिल सकी। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की आंतरिक जांच की जाएगी और यदि शिक्षिका पर लगे आरोप सत्य पाए जाते हैं, तो उनके विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। फिलहाल, इस घटना को लेकर क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। रामयश/ईएमएस 13 मई 2026