क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- नातिन की परीक्षा के लिए भोपाल से लौट रहा था परिवार गुना (ईएमएस)। जिले के बजरंगगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सेमरी घाटी पर बुधवार की अलसुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसा हो गया। यहाँ भोपाल से लौट रहे एक ही परिवार के छह सदस्य उस समय दुर्घटना का शिकार हो गए, जब उनकी अनियंत्रित कार सीधे एक पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में दो मासूम बच्चियों सहित परिवार के सभी लोग घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। - शादी की खुशियों के बीच मची चीख-पुकार जानकारी के अनुसार, शिवपुरी जिले के लुकवासा निवासी 73 वर्षीय श्रीकृष्ण रघुवंशी अपने परिवार के साथ भोपाल में एक वैवाहिक कार्यक्रम में सम्मिलित होने गए थे। बुधवार सुबह करीब 6:30 बजे जब उनकी कार सेमरी घाटी से गुजर रही थी, तभी चालक को अचानक झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण कार सड़क से उतरकर पेड़ में जा घुसी। हादसे में श्रीकृष्ण रघुवंशी, उनकी पत्नी रामवती (70), बेटे हरिओम (46) व हरिमोहन (40) के साथ नातिन अरुणा (19) और मिल्की (9) को चोटें आई हैं। - परीक्षा के कारण जल्दी में था परिवार घायलों ने अस्पताल में बताया कि 19 वर्षीय अरुणा गुना के पीजी कॉलेज में बीए की छात्रा है। बुधवार को उसका इतिहास (हिस्ट्री) का पर्चा था। नातिन की इसी परीक्षा में समय पर पहुंचने के लिए पूरा परिवार सुबह जल्दी भोपाल से रवाना हुआ था, ताकि अरुणा समय रहते कॉलेज पहुंच सके। लेकिन मंजिल से कुछ ही दूर पहले यह हादसा हो गया। - पुलिस ने किया रेस्क्यू, खतरे से बाहर घायल टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम ने तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को क्षतिग्रस्त कार से बाहर निकाला और एम्बुलेंस के जरिए जिला अस्पताल भिजवाया। वर्तमान में सभी का उपचार अस्पताल के ट्रामा वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों का कहना है कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी की स्थिति स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। - सीताराम नाटानी