क्षेत्रीय
13-May-2026
...


झाँसी (ईएमएस ) मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना के तहत प्रत्येक गांव को बस सेवा से जोड़ने का निर्णय लिया गया है।इसके लिए रोडवेज में निजी बस ऑपरेटर से बस के लिए आवेदन मांगे थे जिसमें 48 मिनी बस संचालकों ने आवेदन किए थे साथ ही उनके रूट भी तय कर दिए थे। इसमें मौठ ब्लॉक में 25 गुरसराय में आठ बामोर में 10 चिरगांव में दो मऊरानीपुर में एक तथा बंगरा ब्लॉक के लिए दो आवेदन आए हैं। वहीं बबीना और बड़ा गांव ब्लॉक के लिए एक भी आवेदन नहीं आया है। परिवहन विभाग ने सभी आवेदको को पत्र भेज कर 28 अप्रैल तक मिनी बस और उसके प्रपत्र झांसी डिपो को उपलब्ध कराने को कहा था। लेकिन विभाग में एक भी बस संचालक उपस्थित नहीं हुआ। ऐसे में मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना को एक झटके के रूप में देखा जा रहा है। संभागीय परिवहन विभाग में दो बस का पंजीयन कराया और उनको सड़क पर उतार दिया लेकिन इन बस में भी व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस अभी लोड नहीं हो सका है जिससे वह ऑनलाइन नजर नहीं आ रही है। मुख्यमंत्री ग्राम परिवहन योजना में हर गांव को मिनी बस सेवा से जोड़ने के लिए शुरू हुई इस योजना को शुरुआती झटका लगा है रोडवेज में 48 रूट पर बस संचालन की प्रक्रिया लगभग पूरी कर ली थी लेकिन अब तक सिर्फ 2 मिनी बस सड़क पर उतर सकी है। इस बारे में संतोष कुमार क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम झांसी का कहना है कि निर्धारित रोड पर बस चलाने के लिए ऑपरेटर को पत्र लिखे जा रहे हैं लेकिन वह बस की बुकिंग और फाइनेंस के पेपर दिखाकर डिलीवरी नहीं होने की बात कह रहे हैं जिससे उनको कुछ और समय भी दिया गया है। शरद शिवहरे /ईएमएस /13मई