क्षेत्रीय
13-May-2026
...


रायपुर(ईएमएस)। राजधानी रायपुर के शंकर नगर इलाके में सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती इलाके में लगे ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पूरा मामला खम्हारडीह थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, युवती करीब 35 फीट ऊंचे होर्डिंग पर चढ़ गई थी और लगभग 40 मिनट तक वहीं बैठी रही। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए फायर ब्रिगेड की टीम ने ऊंचाई तक सीढ़ी लगाई। किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए नीचे सुरक्षा जाल भी बिछाया गया था। काफी समझाइश और मशक्कत के बाद टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया। रेस्क्यू के बाद पुलिस युवती को अपने साथ थाने ले गई। प्रारंभिक तौर पर युवती मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रही थी। फिलहाल पुलिस उसकी पहचान और पूरे मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटना के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 मई 2026