- 25 गार्डों ने लगाए गंभीर आरोप धमतरी (ईएमएस)। जिला अस्पताल एक बार फिर प्रशासनिक विवादों को लेकर चर्चा में आ गया है। अस्पताल में तैनात सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाले लगभग 25 गार्डों ने सिविल सर्जन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए जिला कलेक्टर को शिकायत सौंपी है। सुरक्षा कर्मियों का आरोप है कि उनसे उनकी ड्यूटी से अलग कार्य करवाए जाते थे, जिनमें मरीजों को स्ट्रेचर पर ले जाना, नाश्ता वितरण, और यहां तक कि मेडिकल पर्ची से जुड़े काम भी शामिल थे। उनका कहना है कि यह जिम्मेदारी वार्ड बॉय और अन्य स्टाफ की थी, लेकिन दबाव बनाकर यह काम उनसे कराया गया। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब टेंडर अवधि समाप्त होने के बाद सभी गार्डों को कार्यमुक्त कर दिया गया। इसके बाद आरोप है कि सिविल सर्जन द्वारा सभी 25 गार्डों को नोटिस जारी किया गया, जिससे उनके भविष्य और रोजगार पर संकट खड़ा हो गया है। गार्डों ने यह भी दावा किया कि जब उन्होंने अस्पताल में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को टोका, तो उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। उनका आरोप है कि उनके स्पष्टीकरण को नजरअंदाज कर एकतरफा कार्रवाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला कलेक्टर ने जांच के आदेश दे दिए हैं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल यह विवाद अस्पताल की कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों के बंटवारे पर कई सवाल खड़े कर रहा है। - (ईएमएस) 13 मई 2026