राष्ट्रीय
13-May-2026


राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखने के बावजूद राजनीति में नहीं आए लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी के संस्थापक दिवंगत मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का बुधवार को लखनऊ में निधन हो गया। वे 38 वर्ष के थे और लंबे समय से बीमार चल रहे थे। एक बड़े राजनीतिक घराने से ताल्लुक रखने के बावजूद, प्रतीक ने हमेशा खुद को राजनीति से दूर रखा और अपना करियर रियल एस्टेट कारोबार में बनाया। प्रतीक ने लंदन की लीड्स यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री हासिल की थी, लेकिन उन्होंने खुद को राजनीति से अलग रखकर व्यवसाय की दुनिया में कदम रखा। फोर्ब्स इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, उनकी अनुमानित 6-7 करोड़ रुपये की संपत्ति थी, जिसका एक बड़ा हिस्सा उनके रियल एस्टेट बिजनेस से आया था। इसके अलावा, वे जिम और फिटनेस सेंटरों के संचालन से भी मोटी कमाई करते थे। लखनऊ में प्रतीक ने कई हाई-एंड जिम, जैसे गोमती नगर में आयरन कोर फिट और द फिटनेस प्लानेट का सफलतापूर्वक संचालन किया। वे फिटनेस ब्रांड प्रमोशन के जरिए भी अपनी आय बढ़ाते थे। व्यवसाय के साथ-साथ, प्रतीक खुद की फिटनेस के प्रति भी काफी सजग रहते थे और अक्सर अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर जिम वर्कआउट से जुड़ी तस्वीरें और वीडियो साझा करते थे। इतना ही नहीं प्रतीक यादव को लग्जरी कारों का भी बेहद शौक था। उनके कार कलेक्शन में करीब 5 करोड़ रुपये की कीमत वाली लैंबॉर्गिनी शामिल थी। इसके अतिरिक्त, उनके पास रेंज रोवर और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी अन्य महंगी गाड़ियां भी थीं। उन्हें कार रेसिंग का भी जुनून था। अपने एक इंटरव्यू में उन्होंने स्पष्ट किया था कि जब तक संभव होगा, वे राजनीति में प्रवेश नहीं करने वाले हैं, और उन्होंने अपने जीवनपर्यंत इस बात का पालन किया। आशीष दुबे / 13 मई 2026