राष्ट्रीय
13-May-2026


पुंछ,(ईएमएस)। जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद विरोधी कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को भारतीय सेना ने पुंछ के कृष्णा घाटी सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर घुसपैठ की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी आतंकी को ढेर कर दिया, जबकि एक अन्य घायल हुआ। ढेर हुए आतंकी के पास से आईईडी से जुड़ा सामान बरामद हुआ है। इस बीच, सुरक्षा एजेंसियों ने किश्तवाड़ जिले से जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों को पनाह, खाना और अन्य मदद पहुंचाने के आरोप में सरकारी स्कूल शिक्षक सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान मशकूर अहमद के रूप में हुई है, जो इंदरवाल के एक सरकारी स्कूल में कार्यरत है। उसके खिलाफ यूएपीए के तहत मामला दर्ज हुआ है। सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों के मुताबिक, मशकूर चटरू इलाके में आतंकियों को लॉजिस्टिक सपोर्ट देता था। यह मामला 4 फरवरी 2026 को डिच्छर-चटरू में हुई मुठभेड़ से जुड़ा है, जिसमें आतंकी आदिल मारा गया था। जांच एजेंसियों को मशकूर के घर से जैश कमांडर सैफुल्लाह की तस्वीर मिली है, जिसमें उसे नोटों की माला पहनाई गई थी, जो उसके आतंकी संगठन से गहरे संबंधों की पुष्टि करती है। जैश कमांडर सैफुल्लाह भी 22 फरवरी 2026 को ऑपरेशन त्राशी-1 में दो विदेशी आतंकियों के साथ मारा गया था। आशीष दुबे / 13 मई 2026