राष्ट्रीय
13-May-2026


भारत में सुरक्षित स्थिति नई दिल्ली,(ईएमएस)। एमवी होंडियस नामक जहाज पर हंता वायरस की चपेट में आई एक फ्रांसीसी महिला की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है और पेरिस के एक अस्पताल में वेंटिलेटर पर रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि महिला के फेफड़ों और हृदय में गंभीर समस्या है, इस गहन उपचार का अंतिम चरण बताया जा रहा है। इस घातक वायरस से अब तक जहाज पर सवार तीन लोगों की मौत हो चुकी है, जिसमें नीदरलैंड का एक जोड़ा भी शामिल है। संक्रमण के कुल 11 मामलों में से 9 में हंता वायरस की पुष्टि हो चुकी है। स्वास्थ्य अधिकारियों का मानना है कि दक्षिण अमेरिका की यात्रा के दौरान यही डच जोड़ा सबसे पहले इस वायरस के संपर्क में आया था। सभी 87 यात्रियों और चालक दल के 35 सदस्यों को सुरक्षित निकालने के बाद, अब जहाज नीदरलैंड की ओर बढ़ रहा है, जहां इस पूरी तरह साफ और संक्रमण मुक्त किया जाएगा। नीदरलैंड पहुंचे यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को आइसोलेशन में रखा गया है। ब्रिटेन में भी, जहाज से वापस लाए गए 20 ब्रिटिश नागरिकों सहित अन्य को मर्सीसाइड के एरो पार्क अस्पताल में निगरानी में रखा जा रहा है और वे 45 दिनों के आइसोलेशन में रहने वाले है। स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि जहाज से निकाले गए एक स्पेनिश यात्री में हंता वायरस की पुष्टि हुई है, जिसे मैड्रिड के एक सैन्य अस्पताल में आइसोलेशन में रखा गया है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के प्रमुख टेड्रोस अदनोम घेब्रेयसस ने कहा है कि अब तक संक्रमण के कंफर्म और संदिग्ध मामले केवल जहाज के यात्रियों या चालक दल के सदस्यों में ही पाए गए हैं। उन्होंने कहा, फिलहाल ऐसा कोई संकेत नहीं है कि यह किसी बड़े प्रकोप की शुरुआत है। हालांकि, उन्होंने आगाह किया कि स्थिति बदल सकती है और संक्रमण के लक्षण उभरने में लगने वाले लंबे समय को देखते हुए आने वाले हफ्तों में और मामले सामने आ सकते हैं। लेकिन राहत की बात यह है कि भारत में अब तक इस तरह का कोई मामला सामने नहीं आया है। स्पेन स्थित भारतीय दूतावास ने पुष्टि की है कि क्रूज पर सवार दो भारतीय नागरिक पूरी तरह स्वस्थ हैं और उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं हैं। भारतीय राजदूत स्पेनिश अधिकारियों और दोनों भारतीय क्रू सदस्यों के संपर्क में हैं, साथ ही उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति पर नियमित निगरानी रखी जा रही है। आशीष दुबे / 13 मई 2026