क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- माँ ने पड़ोसी पर लगाया ट्रेन के सामने धक्का देने का आरोप भोपाल(ईएमएस)। गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक पर एक युवक की संदिग्ध हालत में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। बुधवार सुबह हादसे की सूचना मिलने पर पहुचीं पुलिस ने मर्ग कायम कर कारणो की जांच शुरू कर दी। वहीं मृतक की मॉ ने पड़ोसी पर ट्रेन के सामने धक्का देकर उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। मृतक युवक की पहचान अशोक बामने निवासी गौतम नगर जनता क्वार्टर के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार अशोक अविवाहित था, और मेहनत-मजदूरी का काम करता था। रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने मौके की पड़ताल के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक युवक की मां कृष्णा बामने ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा है, कि रात में किसी लड़की को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ था। उस समय अशोक नशे की हालत में था। आरोप है कि पड़ोसी मंगलवार रात में घर में घुस आया और उसके चारो बेटों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मां का यह भी आरोप है कि मारपीट के बाद उन लोगो ने एक बेटे को रेलवे ट्रैक पर ले जाकर ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया। परिजनों के मुताबिक सुबह उन्हें अशोक की मौत की जानकारी लगी इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल पुलिस सभी बिंदुओ पर आगे की जांच कर रही है। जुनेद / 13 मई