ब्यावरा (ईएमएस) l विधानसभा ब्यावरा के ग्राम बाँकपुरा में प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग नारायण सिंह पंवार ने किसानों के बीच पहुँचकर उनसे आत्मीय संवाद किया और ग्रामीण क्षेत्र की जमीनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को अधिकारियों के साथ गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं कृषक भाई उपस्थित रहे। साथ ही कृषकों द्वारा जमीन से जुड़ी समस्याओं को राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार के समक्ष रखा। राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री पंवार ने किसानों से चर्चा करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों एवं ग्रामीण विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा प्रत्येक समस्या के समाधान के लिए प्रशासनिक स्तर पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों द्वारा उठाई गई समस्याओं एवं सुझावों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाए, ताकि ग्रामीणों को समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान मिल सके। इस दौरान अनुविभागीय (राजस्व) अधिकारी ब्यावरा गोविंद कुमार दुबे, तहसीलदार आनंद जयसवाल सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। - निखिल/ब्यावरा/13/5/2026