- इलाके में फैली दहशत, शोरुम के जनरेटर में हुए शार्ट सर्किट से आग लगने की आंशका - दूर तक नजर आया धुएं का गुबार, लाखो का हुआ नुकसान भोपाल(ईएमएस)। शहर के निशातपुरा थाना इलाके में बीती दोपहर को उस समय हड़कंप मच गया जब भानपुर रोड पर पीपुल्स हॉस्पिटल के सामने स्थित एक चार मंजिला इमारत की पहली मंजिल पर अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और आग की लपटें और धुआं दूर से नजर आने लगा। हालांकि सूचना मिलने पहुचीं दमकलो ने जल्द ही आग पर काबू पा लिया। हादसे में कोई जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन आग की चपेट में आकर लाखों रुपए नुकसान हो गया। जानकारी के अनुसार चार मंजिला बिल्डिंग के फर्स्ट फ्लोर पर अचानक आग लग गई। इस बिल्डिंग में केएफसी आउटलेट और क्रोमा का इलेक्ट्रॉनिक शोरूम संचालित है। फायर फायटरो के अनुसार बिल्डिंग में क्रोमा इलेक्ट्रॉनिक शोरूम के पास में रखे जनरेटर में आग लगी थी। इस वजह से कई एसी भी जल गए। जहां आग लगी थी, वहां पर केएफसी का आउटलेट भी है। हालांकि, उसे नुकसान नहीं पहुंचा। आग लगने की सूचना मिलते ही पीपुल्स हॉस्पिटल की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरु कर दिये। सूचना मिलने पर निशातपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान नगर निगम की दमकल भी आ गई। दोनों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। जिस कारण आग ज्यादा नहीं फैल सकी। हादसे में कोई जनहानि तो नहीं हुई, लेकिन लाखों रुपए का नुकसान हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के दौरान बिल्डिंग में भीड़ नहीं थी। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। जुनेद / 13 मई