13-May-2026
...


- गर्मी का प्रकोप : अस्पतालों में लगा मरीजों का तांता जबलपुर (ईएमएस)। शहर में गर्मी ने अब खतरनाक रूप लेना शुरू कर दिया है। बुधवार को सुबह 11:30 बजे ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि दोपहर बाद इसके 44 डिग्री तक चला गया। तेज धूप, गर्म हवाएं और उमस भरे मौसम ने आमजन का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक और अधिक भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है। लगातार बढ़ते तापमान का असर अब लोगों की सेहत पर भी साफ दिखाई देने लगा है। शहर के सरकारी और निजी अस्पतालों में डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त, चक्कर आना, कमजोरी और हीट स्ट्रोक जैसे मामलों में तेजी से बढ़ोतरी देखी जा रही है। चिकित्सकों का कहना है कि तेज धूप और लू के कारण सबसे ज्यादा खतरा बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और पहले से बीमार लोगों को है। दोपहर के समय बाहर निकलने वाले मजदूर, ट्रैफिक पुलिसकर्मी, डिलीवरी बॉय और खुले में काम करने वाले लोग भी गंभीर जोखिम में हैं। हीट स्ट्रोक बन सकता है जानलेवा ……….. मेडिकल विशेषज्ञों के अनुसार लगातार पसीना निकलने से शरीर में पानी और नमक की कमी होने लगती है, जिससे डिहाइड्रेशन की समस्या बढ़ती है। यदि समय रहते शरीर को पर्याप्त पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स नहीं मिलते, तो व्यक्ति हीट एक्सॉशन या हीट स्ट्रोक का शिकार हो सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि हीट स्ट्रोक की स्थिति में शरीर का तापमान तेजी से बढ़ जाता है और मरीज बेहोश भी हो सकता है। समय पर उपचार नहीं मिलने पर यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा खतरा ……… विशेषज्ञों ने बताया कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों का शरीर अत्यधिक तापमान को जल्दी सहन नहीं कर पाता। ऐसे में उन्हें बार-बार पानी पिलाना और धूप से बचाना बेहद जरूरी है। इधर स्कूल जाने वाले बच्चों को लेकर भी अभिभावकों की चिंता बढ़ गई है। सुबह के समय ही तेज गर्मी होने से बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। डॉक्टरों ने बच्चों को हल्के सूती कपड़े पहनाने और घर से पानी की बोतल लेकर निकलने की सलाह दी है। डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह …….. चिकित्सकों ने लोगों को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है। यदि बाहर जाना जरूरी हो तो सिर और कान को सफेद या हल्के रंग के कपड़े से ढंककर निकलें। विशेषज्ञों ने कहा है कि लगातार पानी, नींबू पानी, छाछ, नारियल पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहना चाहिए। खाली पेट धूप में निकलने से भी बचना जरूरी है। अगले दो दिन और बढ़ सकती है गर्मी ………. मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दो दिनों तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। डॉप्लर रडार और अन्य मौसम उपकरण भी अत्यधिक गर्मी के संकेत दे रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों ने लोगों से सतर्क रहने और लू के लक्षण दिखते ही तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने की अपील की है। सुनील साहू / शहबाज / 13 मई 2026/ 05.40