क्षेत्रीय
13-May-2026
...


- रांझी में सनसनी, मृतक अज्ञात जबलपुर (ईएमएस)। रांझी थाना अंतर्गत बापू नगर खेरमाई मंदिर के पास जंगल में बुधवार सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सुनसान जगह पर पेड़ के नीचे शव पड़े होने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर रांझी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा जांच शुरू की। पुलिस ने शव बरामद कर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है और पुलिस उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है। रांझी सीएसपी सतीश साहू ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत करीब 10 से 12 घंटे पहले होने की आशंका है। शव जंगल के भीतर पेड़ के नीचे पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। शव पर मिले चोट के निशान … पुलिस जांच के दौरान मृतक की पीठ पर चोट के कुछ निशान भी पाए गए हैं। ऐसे में मामला केवल सामान्य मौत का नहीं माना जा रहा है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि युवक के साथ मारपीट की गई थी या फिर उसकी मौत किसी अन्य कारण से हुई। फिलहाल हत्या की आशंका गहरा रही है| रहवासियों का कहना है कि जंगल और सुनसान इलाकों में अक्सर संदिग्ध लोगों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में युवक का शव मिलने के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच में जुटी हुई है। ईएमएस / 13 मई 2026