क्षेत्रीय
13-May-2026
...


बस्ती (ईएमएस)। भारत मुक्ति मोर्चा के पूर्वांचल जोन प्रभारी आर.के. आरतियन के नेतृत्व में ग्राम सभा पतिला के ग्रामीणों की समस्या को लेकर जिलाधिकारी बस्ती को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में गौर विकास खण्ड के ग्राम सभा कलीगढ़ा से पतिला तक लगभग 550 मीटर कच्ची सड़क के निर्माण की मांग किया गया। ज्ञापन सौपने के बाद मोर्चा जोन प्रभारी आर.के. आरतियन ने बताया कि कलीगढ़ा से पतिला तक लगभग 550 मीटर कच्ची सड़क पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे बरसात के मौसम में लोगों को आने-जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। यह मार्ग शॉर्टकट एवं मुख्य संपर्क मार्ग होने के कारण प्रतिदिन सैकड़ों छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों का आवागमन इसी रास्ते से होता है। सड़क की खराब स्थिति के चलते कई बार लोग गिरकर घायल भी हो चुके हैं। आर.के. आरतियन ने आरोप लगाया कि ग्राम सभा पतिला में प्राथमिक विद्यालय होने के बावजूद सड़क खराब होने से बच्चों की संख्या प्रभावित हो रही है। कलीगढ़ा, पुरवा और शिवापुर समेत आसपास के गांवों के बच्चे इसी मार्ग से विद्यालय जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार बाजार जाने तथा खेती-किसानी के कार्यों के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित अन्य वाहन भी इसी सड़क का उपयोग करते हैं, लेकिन सड़क जर्जर होने के कारण आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया कि पिछले चार वर्षों से सड़क निर्माण की मांग लगातार मौखिक और लिखित रूप से की जा रही है, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा केवल आश्वासन देकर मामले को टाल दिया जाता है। आरोप है कि एडीओ पंचायत श्याम बिहारी सहित अन्य जिम्मेदार लोग शिकायत न करने का दबाव भी बनाते हैं। भारत मुक्ति मोर्चा ने मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य तत्काल शुरू कराया जाए, जिससे छात्र-छात्राओं एवं आम जनमानस को राहत मिल सके। साथ ही सड़क निर्माण में लापरवाही बरतने और शिकायतों को नजरअंदाज करने वाले संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की गई है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क निर्माण को लेकर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो विकास भवन परिसर में सूचना देकर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में मुख्य रूप से बुद्धेश राना जिला अध्यक्ष बहुजन मुक्ति पार्टी, चंद्र प्रकाश गौतम , चंद्रिका प्रसाद प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य बीएमपी, आर के गौतम प्रदेश उपाध्यक्ष बीएमपी, हृदय गौतम मंडल अध्यक्ष बीएमपी, सुग्रीव चौधरी, अमरनाथ, राम सुमेर यादव, सुनीता देवी, दिनेश कुमार, दीपक आर्य, पवन कुमार, ठाकुर प्रेम नंदवंशी, डा रिफाकत अली, वंश बहादुर चौधरी आदि शामिल रहे। - ईएमएस / 13 मई 26