मुंबई (ईएमएस)। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले बुधवार को भारतीय रुपया 2 पैसे की गिरावट के साथ ही अपने सबसे निचले स्तर 95.70 पर बंद हुआ। आज शुरुआती कारोबार में रुपया अपने सर्वकालिक निचले स्तर से 16 पैसे उछलकर 95.52 प्रति डॉलर पर पहुंच गया। आयात शुल्क बढ़ाने के कारण अमेरिकी डॉलर की मांग में कमी के आसार से घरेलू मुद्रा को बल मिला है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों का कहना है कि सोने के आयातकों के अपनी मांग कम करने से बाजार प्रतिभागी डॉलर-रुपये की जोड़ी में कुछ मजबूती की उम्मीद कर रहे हैं। सरकार ने सोने और चांदी पर आयात शुल्क छह फीसदी से बढ़ाकर बुधवार को 15 फीसदी कर दिया। पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ती आयात लागत के बीच कीमती धातुओं के आयात पर अंकुश लगाने के उपायों के तहत यह कदम उठाया गया है। अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 95.52 प्रति डॉलर पर खुला जो उसके पिछले बंद भाव से 16 पैसे की बढ़त दिखाता है। ईएमएस 13मई 2026