- सेंसेक्स 74,586 और एनएसई निफ्टी 23,460 के पार मुंबई (ईएमएस)। भारतीय शेयर बाजार ने बुधवार को सकारात्मक माहौल में कारोबार की शुरुआत की। गिफ्ट निफ्टी के मजबूत संकेतों के अनुरूप, प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती कारोबार में हरे निशान में खुले, जहां बीएसई सेंसेक्स 74,586 के स्तर पर और एनएसई निफ्टी 23,468 के आसपास कारोबार करते दिखे। बाजार में सकारात्मक धारणा के चलते निवेशकों का रुझान खरीदारी की ओर रहा। सेंसेक्स और निफ्टी के साथ-साथ, बैंकिंग सेक्टर भी गुलजार रहा। निफ्टी बैंक इंडेक्स 216 अंकों से अधिक की बढ़त के साथ 53,771 पर पहुंच गया। निफ्टी नेक्स्ट 50 और फाइनेंशियल सर्विसेज इंडेक्स भी तेजी से आगे बढ़े, जो बाजार में चौतरफा मजबूती का संकेत दे रहे थे। शुरुआती कारोबार में एशियन पेंट्स ने लगभग 3.73 प्रतिशत की छलांग लगाकर सबसे बड़े गेनर का खिताब अपने नाम किया। इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स, टाटा स्टील और बीईएल में भी क्रमशः 1.32 प्रतिशत, 1.06 प्रतिशत और 0.77 प्रतिशत की उल्लेखनीय बढ़त दर्ज की गई। एलएंडटी, सन फार्मा, मारुति सुजुकी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, कोटक महिंद्रा बैंक और एचडीएफसी बैंक जैसे दिग्गजों ने भी हरे निशान में कारोबार किया, जिससे बैंकिंग, मेटल और ऑटो सेक्टर में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर, कुछ शेयरों में शुरुआती मुनाफावसूली देखने को मिली। पावरग्रिड लगभग 0.91 प्रतिशत गिरकर टॉप लूजर बना, जबकि टाइटन, इटरनल और बजाज फाइनेंस में भी कमजोरी दर्ज की गई। आईटी सेक्टर के शेयरों पर हल्का दबाव दिखा, जहां इंफोसिस और टेक महिंद्रा जैसे बड़े नाम लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। एनटीपीसी में भी मामूली गिरावट रही, हालांकि बाजार की कुल प्रवृत्ति सकारात्मक बनी रही। बुधवार को कई बड़ी कंपनियां अपने चौथी तिमाही के नतीजे जारी करेंगी। इनमें भारती एयरटेल, सिप्ला, डीएलएफ, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, एलआईसी हाउसिंग फाइनेंस, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन, टाटा मोटर्स, टीवीएस मोटर और रेडिंगटन जैसी कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों के नतीजों पर निवेशकों की खास नजर रहेगी क्योंकि इससे बाजार की दिशा तय हो सकती है। सतीश मोरे/13मई ---